
झांसी। जिले के मोंठ थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन हो रही चोरियों ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। बीती रात अहरौली गांव में चोरों ने बृजमोहन पुत्र रघुवीर सिंह के मकान को निशाना बनाया। परिवार के सभी सदस्य सोते रह गए और चोर लाखों के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
यह कोई पहली घटना नहीं है। हाल ही में क्षेत्र में कई अन्य चोरियां भी हुई हैं। दो दिन पहले ग्राम पावई में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। इसके अलावा, कुछ दिन पहले पेट्रोल पंप के पास खड़े वाहनों की बैटरियां भी चोरी हो गई थीं।
लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोग भयभीत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस सुरक्षा का दावा करती है, लेकिन चोरों के हौसले बुलंद हैं। चोरी की बढ़ती घटनाओं से जनता में रोष व्याप्त है और लोग प्रशासन से सख्त कार्यवाही की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल सूचना पर पहुंची पुलिस वारदात की जांच पड़ताल में जुटी है। देखना होगा क्षेत्र में हुए बड़े चोरी के मामलों का खुलासा कब तक होता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गश्त बढ़ाने और चोरों पर कड़ी कार्यवाही करने की मांग की है ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बहाल हो सके।