Etah : टूटा नाला बना मुसीबत, गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे

Aliganj, Etah : तहसील क्षेत्र के ग्राम गुनामई में नाली टूटने से गंभीर जलनिकासी की समस्या उत्पन्न हो गई है। गांव की मुख्य गलियों की नालियां ध्वस्त होने के कारण गंदा पानी घरों के सामने और रास्तों पर जमा हो रहा है। इस स्थिति में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जलभराव के कारण चारों ओर गंदगी और दुर्गंध फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे ग्रामीण नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।

गांव के प्रशांत राजपूत ने बताया कि गांव में लगभग एक वर्ष पूर्व प्रधान द्वारा सड़क के किनारे नाले का निर्माण कराया गया था, जो एक वर्ष के भीतर ही पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ध्वस्त हो गया। सड़क की दूसरी ओर नाला नहीं बनवाया गया, जिसके कारण सड़क पर पानी भरा रहता है। इससे स्कूली बच्चों, राहगीरों और वाहनों के आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। कई बार बच्चों और राहगीरों के सड़क पर भरे पानी में गिरने और भीगने जैसी स्थिति बन जाती है।

ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर प्रधान से कई बार गुहार लगाई, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। अंततः ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी को एक शिकायती पत्र सौंपकर गांव की जलनिकासी की समस्या का समाधान कराने और नाला बनवाने की मांग की है, ताकि गांव का पानी तालाब तक पहुंच सके और जनजीवन सुचारू हो सके।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें