
Sultanpur : दोस्तपुर क्षेत्र में शनिवार को आजमगढ़–लखनऊ मार्ग पर पॉइंट 156.7 आरएचएस के पास एक सड़क दुर्घटना सामने आई। रेनॉल्ट ट्राइबर कार (पंजीकरण संख्या JH09AU-0704) ब्रेकडाउन की स्थिति में सड़क किनारे पीली पट्टी के भीतर खड़ी थी। वाहन के चालक रक्षित राज सोनी उर्फ गोलू कुमार (पुत्र राजकुमार), निवासी सासाराम, नगर परिषद बिहार, उम्र लगभग 25 वर्ष बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार कार का आगे का बायां टायर फट गया था, जिसके कारण वाहन ब्रेकडाउन हो गया। वाहन की मरम्मत के लिए मिस्त्री मिराज (पुत्र मंगरु), निवासी दोस्तपुर, जनपद अंबेडकर नगर, उम्र करीब 36 वर्ष, कार का पहिया बदल रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़ की ओर से तेज गति से आ रहे अज्ञात नंबर के डीसीएम ट्रक ने मिस्त्री मिराज को टक्कर मार दी और लखनऊ की दिशा में फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही सहायक सुरक्षा अधिकारी त्रिलोकीनाथ पांडे ईगल पेट्रोलिंग नंबर-6 एवं ईगल एंबुलेंस के साथ लगभग 10 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर जांच के दौरान पता चला कि घायल मिस्त्री के कमर में गंभीर चोट आई है। घायल को उनका हेड मिस्त्री छोटू अपनी कार से इलाज के लिए सरकारी अस्पताल दोस्तपुर ले जा चुके थे।
घटना के बाद भी मौके पर आवागमन सुचारु रूप से जारी रहा। प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है तथा फरार डीसीएम ट्रक की तलाश की जा रही है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।










