भोपाल में बदमाशों का आतंक : परिवार संग लौट रहे युवक को घेरकर मारी गोलियां

भोपाल : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। शादी समारोह से परिवार के साथ लौट रहे युवक को पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने घेर लिया और उस पर चार राउंड फायरिंग कर दी। हमले में युवक की पत्नी और बहन भी घायल हो गईं।


जानकारी के अनुसार स्टेशन बजरिया निवासी दानिश अली (28) अपने परिवार के साथ शादी से लौट रहे थे। इसी दौरान ईंटखेड़ी चौराहे के पास बदमाशों ने उनकी कार का पीछा किया और रास्ता रोककर हमला कर दिया। बदमाशों ने दानिश के हाथ और पैर में चार गोलियां मारीं, वहीं बीच-बचाव करने पर उसकी पत्नी और बहन पर चाकू से हमला किया गया।


घायल अवस्था में दानिश को परिजनों ने चिरायु अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूत्रों के मुताबिक दानिश और स्टेशन बजरिया निवासी जुआरी रूसी के बीच एक दिन पहले विवाद हुआ था। विवाद के दौरान रूसी ने दानिश को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके अगले ही दिन यह जानलेवा हमला कर दिया गया।


परिजनों ने हमले में शन्नू वजनदार का नाम लिया है, जिसे रूसी का करीबी बताया जा रहा है। आरोप है कि शन्नू और उसके तीन साथियों ने मिलकर दानिश और उसके परिवार पर हमला किया।
आरोपी दिल्ली फरार
ईंटखेड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें