नैनीताल : ग्रीष्मकालीन प्रवास पर सरोवरनगरी राजभवन पहुंचे राज्यपाल

दैनिक भास्कर समाचार सेवा

नैनीताल। बुधवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह तय समय पर ग्रीष्मकालीन प्रवास पर राजभवन पहुंचे। पुलिस जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उनके यहां पहुंचने पर आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट, कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एनके जोशी ने संयुक्त रूप से पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने भी राज्यपाल गुरमीत सिंह का स्वागत किया।

पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता करते हुए राज्यपाल गुरमीत ने कहा कि कुमाऊं मंडल में प्राकृतिक सुंदरता का अपना ही महत्व है। यहां पर कई दर्शनीय पयर्टक स्थल हैं। कुमाऊं मंडल को गहराई से समझने के लिए तहसील एवं ब्लाक स्तर तक भ्रमण की योजना है, ताकि वहां पर कार्य कर रहे लोगों से जानकारी प्राप्त की जा सके।

उन्होंने कहा उत्तराखंड के लिए सौभाग्य की बात है कि चारधाम यात्रा में इस वर्ष रिकार्ड यात्री पहुंच रहे हैं। इसके लिए पूरी व्यवस्था की गई है। उत्तराखंड में प्रत्येक व्यक्ति के लिए ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा रही है। चारधाम यात्रा में स्थानीय लोगों के सहयोग से सुचारू चल रही है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर हमारे लिए चुनौतियां हैं वहीं दूसरी ओर अवसर भी हैं कि हम देश-विदेश से आ रहे श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं मुहैया करवा सकें और उन्हें यहां की सभ्यता और संस्कृति से परिचित करवाएं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें