बरेली: छेड़खानी से परेशान दो सगी बहनों ने मौत को लगाया गले

फतेहगंज पश्चिमी-बरेली। थाना क्षेत्र के सफरी गांव में छेड़छाड़ से तंग आकर दो सगी बहनों ने सुसाइड कर लिया। मकान में एक का शव जमीन पर पड़ा मिला तो दूसरी बहन का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। दोनों बहनें घर में अकेली थीं। घटना के समय मां-पिता खेत पर गए थे। शाम को लौटने पर उन्हें वारदात के बारे में पता चला। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुटी है। पुलिस को मौके से जहर की शीशी भी मिली है। पुलिस ने दोनां शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।

घटना थाना फतेहगंज पश्चिमी के सफरी गांव की है। मृतक बच्चियों के पिता का कहना है कि छेड़खानी से परेशान होकर बेटियों ने सुसाइड कर लिया। वहीं शुरुआती जांच में पुलिस भी सुसाइड मान रही है। बड़ी बहन कल्पना (18) बीए की छात्रा थी जबकि तुलसी (17) 11 वीं की छात्रा थी। बच्चियों के पिता उत्तम चंद्र मौर्य पेशे से किसान हैं। उन्होंने बताया बुधवार दोपहर वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ खेत पर गये थे। देर शाम करीब साढ़े 7 बजे पत्नी के साथ घर लौटे, बेटा खेत पर ही था। घर का दरवाजा बंद था। मैंने दोनों बेटियों को आवाज लगाई लेकिन कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। धक्का दिया तो दरवाजा खुल गया। देखा तो बड़ी बेटी कल्पना का शव कमरे के दरवाजे के पास पड़ा था।

अंदर कमरे में छोटी बेटी तुलसी का शव साड़ी के सहारे कुंडे से लटक रहा था। पास में जहर की शीशी पड़ी थी। उसके गले पर चोट के निशान थे। बेटियों का शव देखकर मैं चीखने लगा। शोर सुनकर आस पास के लोग आ गए। पुलिस को सूचना दी गई। उत्तम ने आरोप लगाते हुए कहा कि मेरे पड़ोस में चांदनी का घर हैए जबकि आकाश का घर 100 मीटर दूरी पर है। 2-3 महीने से दोनों बेटियों को परेशान कर रहे थे। आकाश जबरन बेटी से बात करता था उसे एक मोबाइल भी दिया था। लेकिन मैंने मोबाइल छीन लिया था। मैंने आकाश को कई बार समझाया लेकिन वह नहीं माना। आकाश से परेशान होकर बेटियों ने घर से बाहर निकलना बंद कर दिया था। हमने बदनामी के डर से किसी को बताया नहीं था। पुलिस से भी शिकायत नहीं की थी।

वर्जन : मुकेश चंद्र मिश्रा, एसपी देहात, बरेली।

एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्रा का कहना है छोटी बहन नाबालिग है। पुलिस ने चांदनी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। पिता की शिकायत पर आकाश और चांदनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आकाश की लोकेशन दिल्ली में मिली है। पुलिस उसे मुख्य आरोपी मान रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 3 टीम में लगाई गई हैं। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक बड़ी बहन ने भी फंदा लगाकर सुसाइड किया लेकिन फंदा टूट गया। जिसके चलते शव जमीन पर नीचे आ गिरा। जल्द की आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें