
Ranchi : झारखंड के रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया है। इंडिगो एयरलाइंस का एक विमान, जो भुवनेश्वर से रांची आ रहा था, जमीन से टकरा गया। दरअसल, विमान में तकनीकी खराबी के कारण उसे हार्ड लैंडिंग कराई जा रही थी, और इसी दौरान विमान का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा गया। इस हादसे में विमान में सवार कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।
विमान संख्या 6ई-7361 था, जिसे 8:30 बजे रांची एयरपोर्ट पर उतरना था।
हादसे के बाद, एयरलाइन कंपनी ने रांची से भुवनेश्वर जाने वाली फ्लाइट को रद्द कर दिया। इससे नाराज यात्रियों ने हंगामा किया। यात्रियों का आरोप है कि एयरपोर्ट पर इंडिगो के कर्मचारियों ने आश्वासन दिया था कि 6 से 7 घंटे के अंदर उन्हें वैकल्पिक विमान से भुवनेश्वर भेजा जाएगा, लेकिन कंपनी ने कोई व्यवस्था नहीं की।
अधिकारियों ने बताया कि हार्ड लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। तेज झटके से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई थी। पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान को नियंत्रित किया और उसे एयरपोर्ट के एप्रन पर ले जाया गया। इसके बाद, रांची एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से विमान को ग्राउंडेड घोषित कर दिया है।
यह भी पढ़े : रोज़ लाखों रुपयों में बेची जा रही अधिकारियों की मौजूदगी, परिवहन की गाड़ी व ऑफिस में बैठे हैं लॉकेशन गैंग के सदस्य!















