
खटीमा: उत्तराखंड के खटीमा में एक युवक की हत्या के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया और हमलावरों की दुकान में आग लगा दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने धारा 163 लागू कर दी है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास कर रहा है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
युवक की मौत के बाद भड़का आक्रोश
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात खटीमा रोडवेज परिसर में दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान हुई चाकूबाजी में 23 वर्षीय तुषार शर्मा की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नाजुक हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।
दुकान में आगजनी, इलाके में तनाव
तुषार शर्मा की मौत की खबर फैलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। शनिवार को बजरंग दल समेत गुस्साए लोगों ने रोडवेज परिसर में स्थित हमलावरों की दुकान को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
बजरंग दल के जिला संयोजक हिमांशु ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता या उनकी संपत्ति पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।










