कौशल प्रशिक्षण को वैश्विक मानकों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता : बोले मंत्री गौतम टेटवाल

भोपाल। कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने कहा कि प्रदेश में कौशल प्रशिक्षण को वैश्विक मानकों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। कौशलम् संवाद के दौरान उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को देश-विदेश में उन्नत प्रशिक्षण के अवसर दिए जा रहे हैं, जिससे उनका करियर मजबूत होगा और विकसित मध्यप्रदेश–विकसित भारत के लक्ष्य को गति मिलेगी।


सिंगापुर प्रशिक्षण के लिए चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण से न केवल उनकी तकनीकी दक्षता बढ़ेगी, बल्कि वे लौटकर संस्थानों की गुणवत्ता सुधार में भी योगदान देंगे। उन्होंने घोषणा की कि वे प्रतिमाह दो बार प्रदेश के आईटीआई विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।


संवाद में शाला त्यागी बालिकाओं के आईटीआई में प्रशिक्षण लेकर प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार पाने के उदाहरणों को मंत्री ने महिला सशक्तिकरण की बड़ी उपलब्धि बताया। डिवीजनल आईटीआई भोपाल के श्रवण बाधित विद्यार्थियों के नेशनल डेफ क्रिकेट टीम में चयन पर भी उन्होंने शुभकामनाएं दीं और कहा कि प्रतिभा किसी सीमा की मोहताज नहीं होती।


जर्मनी में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे पिपरिया आईटीआई के प्रशिक्षण अधिकारी बलदेव शर्मा को बधाई दी। वहीं, आईटीआई खिलचीपुर के 42 प्रशिक्षणार्थियों को वोल्वो आइशर, देवास से जॉब ऑफर मिलने और आईटीआई झाबुआ की 30 महिला प्रशिक्षणार्थियों को पीथमपुर स्थित प्रतिभा सिंटेक्स लिमिटेड में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग मिलने को उद्योग–प्रशिक्षण सहयोग का सफल उदाहरण बताया।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें