हरिद्वार: परमार्थको समर्पित होता है संतों का जीवन: रविंद्र पुरी

हरिद्वार। भूपतवाला स्थित चेतन ज्योति आश्रम में गुरूजन पावन स्मृति श्रद्धांजलि समारोह संत समाज के सानिध्य में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। चेतन ज्योति आश्रम के अध्यक्ष स्वामी ऋषिश्वरानंद महाराज के तत्वाधान एवं बाबा हठयोगी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव महंत रवींद्र पुरी महाराज ने कहा कि संतों का जीवन परमार्थ को समर्पित होता है। ब्रह्मलीन स्वामी बागीश्वरानंद महाराज संत समाज का गौरव थे। उन्होंने हरिद्वार से विश्वभर में धर्म एवं संस्कृति की पताका को फहराने का कार्य किया। राष्ट्र निर्माण में उनका अतुल्य योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश एवं महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि संतों का जीवन निर्मल जल के समान होता है। ब्रह्मलीन बागीश्वरानंद महाराज त्याग एवं तपस्या की साक्षात प्रतिमूर्ति थे। उनके द्वारा प्रारंभ किए गए सेवा प्रकल्पों में बढ़ोतरी करते हुए स्वामी ऋषिश्वरानंद महाराज एवं उनके कृपा पात्र शिष्य महंत शिवम महाराज राष्ट्र की उन्नति एवं धर्म के उत्थान में अपना अतुल्य सहयोग प्रदान कर रहे हैं संत समाज उन्हें शुभकामनाएं प्रदान करता है।

नगर विधायक मदन कौशिक ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी बागीश्वरानंद महाराज संत समाज के प्रेरणा स्रोत थे। कार्यक्रम को अध्यक्ष पद से संबोधित करते हुए बाबा हठयोगी महाराज ने कहा कि राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधने में संतों ने अग्रणी भूमिका निभाकर सदैव समाज को समरसता का संदेश दिया है।इस अवसर पर पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, महंत रामानंद ब्रह्मचारी, श्रीमहंत विष्णु दास, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि, स्वामी कृष्णदेव आदि उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें