Bihar Cabinet : बिहार कैबिनेट के नए विभागों का हो गया बंटवारा, नीतीश कुमार को मिली सिविल विमानन की जिम्मेदारी

Bihar Cabinet : बिहार में नई मंत्रिपरिषद का गठन हुआ है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर सभी विभागों का पुनर्गठन किया गया है। बीते मंगलवार 9 दिसंबर को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में अहम फैसले लिए गए।

इस बैठक में विभागों की संख्या 45 से बढ़ाकर 48 कर दी गई है, जिसमें तीन नए विभाग का सृजन किया गया है और दो विभागों का विस्तार किया गया है। इन निर्णयों को राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद सरकार ने संबंधित अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इसके साथ ही, इन विभागों के लिए मंत्रियों का चयन भी कर लिया गया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पास नए बने सिविल विमानन विभाग को ही रखा है। इससे पहले उनके पास मुख्यमंत्री पद के अलावा चार विभाग थे, जिनमें सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी और निर्वाचन विभाग शामिल थे। अब सिविल विमानन विभाग भी मुख्यमंत्री के पास रहेगा, जिससे उनके पास कुल पांच विभाग हो जाएंगे।

वहीं, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार को नया उच्च शिक्षा विभाग सौंपा गया है। उनके पास पहले से शिक्षा विभाग और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की तकनीकी शिक्षा विभाग मौजूद था, अब उन्हें तीन विभागों की जिम्मेदारी मिली है।

श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी पहले संजय सिंह टाइगर को सौंपी गई थी। अब इस विभाग को विभाजित कर एक नया विभाग बनाया गया है, जिसका नाम है युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग। इस नए विभाग की जिम्मेदारी भी संजय सिंह टाइगर को ही दी गई है। अब उनके पास दोनों विभाग रहेंगे।

इसके अतिरिक्त, कला और सांस्कृतिक विभाग का विस्तार किया गया है। इसकी जिम्मेदारी अरुण शंकर प्रसाद को सौंपी गई है। उन्हें पहले पर्यटन विभाग का प्रभार था। वहीं, सुरेंद्र मेहता को मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के साथ-साथ डेयरी विभाग का भी प्रभार सौंपा गया है। डेयरी विभाग का भी विस्तार किया गया है।

इस तरह से बिहार में नई मंत्रिपरिषद के तहत विभागों का पुनर्गठन कर कार्यकुशलता बढ़ाने का प्रयास किया गया है।

यह भी पढ़े : स्टेडियम में हंगामा! ममता बनर्जी ने मेस्सी व फैंस से मांगी माफी, फैंस बोले- ‘ उनके चारों ओर सिर्फ नेता और अभिनेता थे..’


खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें