
UP BJP Presidenr Pankaj Choudhari : उत्तर प्रदेश भाजपा में नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए आज लखनऊ भाजपा कार्यालय में नामांकन हो रहा है। बताया जा रहा है कि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और सात बार के सांसद पंकज चौधरी का नाम इस पद के लिए फाइनल हो गया है।
शनिवार को दोपहर 3 बजे तक यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने केवल पंकज चौधरी ही पहुंचे, उनके अलावा कोई भी नामांकन करने नहीं आया। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ पंकज चौधरी के प्रस्तावक बनकर कार्यालय पहुंचे। एकल नामांकन के चलते यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए पंकज चौधरी का नाम तय हो गया है। कल, यानी रविवार को उनके नाम की घोषणा की जाएगी।
शनिवार को दोपहर 2 से 3 बजे के बीच यूपी भाजपा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया जाना था। जिसमें केवल पंकज चौधरी ने ही नामांकन किया। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस प्रक्रिया के तहत निर्विरोध चुनाव की संभावना जताई जा रही है। वहीं, शाम 4 से 5 बजे तक नाम वापस लेने का अंतिम समय निर्धारित है।

जब दैनिक भास्कर के संवाददाता ने भाजपा के लखनऊ कार्यालय में मौजूद पूर्व मंत्री अजय मिश्र टोनी से नामांकन को लेकर बात की तो उन्होंने बताया कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद के नामांकन का समय दोपहर तीन बजे तक का है। अभी केवल पंकज चौधरी ने ही नामांकन किया है। दोपहर तीन बजे के बाद अगर कोई नहीं आता है तो नामांकन से अन्य लोगों का नाम रद्द कर दिया जाएगा।
महराजगंज लोकसभा सीट से आते हैं पंकज चौधरी
पंकज चौधरी महाराजगंज लोकसभा सीट से सांसद हैं और गोरखपुर क्षेत्र से आते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी और भरोसेमंद नेता माने जाने वाले पंकज चौधरी ने अपने नाम का एकल रूप से नामांकन किया है, जिससे उनके चुनाव की प्रक्रिया सरल हो गई है।
जानकारी के अनुसार, इस पद के लिए मुख्य मुकाबले में तीन नाम चर्चा में था। पंकज चौधरी के अलावा, यूपी के पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह और बाबूराम निषाद के नाम भी इस रेस में बताए जा रहे थे, लेकिन ये दोनों नेता नामांकन के लिए नहीं पहुंचे। इसलिए पंकज चौधरी का नाम फाइनल माना जा रहा है।
पीएम मोदी के करीबी हैं पंकज चौधरी
पंकज चौधरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का करीबी माना जाता है, जिससे उनकी दावेदारी को मजबूत माना जा रहा है। यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा, तो वह जल्द ही यूपी भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्त हो सकते हैं।
मिशन- 2027 की बागडोर पंकज चौधरी के हाथ में होगी
नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी आगामी पंचायत चुनावों से लेकर 2027 के विधानसभा चुनाव तक का रोडमैप तय करेगी। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए संगठन का शीर्ष नेतृत्व किसी मजबूत ओबीसी चेहरे को आगे लाने के पक्ष में दिखाई दे रहा है।











