पीओके 2024 से 2029 के काल खंड के बीच भारत का हिस्सा बनेगा : यूडीएच मंत्री

अजमेर । यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) 2024 से 2029 के काल खंड के बीच भारत का हिस्सा बनेगा। खर्रा ने कांग्रेस पर देश की सेना को कमजोर करने व संसाधन मुहैया नहीं कराने के आरोप भी लगाए। खर्रा ने कहा कि युद्ध के दौरान बंदी बनाए गए 93 हजार पाक सैनिकों को महीनों बिरयानी खिलाकर वापस सौंप दिया। लेकिन, भारतीय सेना के जवानों की सुध नहीं ली, जो पाक जेल में बंद थे।

खर्रा अजमेर के भाजपा कार्यालय में ओबीसी प्रकोष्ठ सम्मेलन में शामिल होने के लिए आए थे। यहां उन्होंने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय भारतीय सेना सरकार से मदद मांगती रही। लेकिन, उन्हें मदद नहीं भेजी गई। ऐसे में शर्मनाक हार हुई। इतिहास पढ़ोगे तो पूरा पता चलेगा। साल 1971 के युद्ध में भारत जीता और पाकिस्तान के 93 हजार सैनिक बंदी बनाए। लेकिन, उनको छोड़ दिया। लेकिन पाक की जेल में बंद सैनिकों का कुछ नहीं किया। सरबजीत की हत्या हुई तो खुलासा हुआ। अब समय बदल चुका है। पिछले दस साल में अभिनंदन को सब जानते है। पाक में घुसकर मारा, ये भी जानते है। चीन सीमा पर मुकाबला किया। भारतीय सेना धूल चटाने में सक्षम हुई है।

यूडीएच मंत्री ने जातिगत जनगणना के सवाल पर कहा कि वैसे ही देश जातियों में बंटा है और वर्तमान में एकता की आवश्यकता है। इसे अनावश्यक तूल देना, देश की एकता व अखंडता को खंडित करने का प्रयास है। अब जो काम होंगे वो न किसी अधिकारी के कहने से होंगे और न किसी जनप्रतिनिधि के कहने से, केवल जनता जो काम चाहेगी, वो ही होंगे। जनता ने भाजपा पर विश्वास जताया है और इसे कायम रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जब पहलवान बराबर का नहीं हो तो सामने वाला भी ढीला पड़ जाता है। लेकिन, भाजपा जीतेगी और चार जून को इसका पता चल जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछली राज्य सरकार के कार्यकाल के दौरान स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में गड़बड़ी हुई। अजमेर की सुन्दरता खराब हुई। सरकार बनने व आचार संहिता के बीच समय कम मिला। लेकिन आचार संहिता हटते ही इन कार्यों की जांच कराकर दोषियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। खर्रा ने कहा कि अब सरकार बदल गई है और जो भी खराब काम हुए हैं, आचार संहिता हटने के बाद उनके लिए जिम्मेदारी तय की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें