देहरादून: बैठक को संबोधित करते महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल

देहरादून। नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस ने कमर कस ली है। महानगर भाजपा ने बैठक कर कार्यकर्ताओं को तैयार रहने को कहा है। वहीं कांग्रेस ने पार्षद पद के लिए दावेदारों से आवेदन की तिथि  दो दिन के लिए बढ़ा दी है। मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के अध्यक्षता में कैंट विधानसभा के अंतर्गत सभी कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई।

कार्यक्रम में महानगर के अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के द्वारा सभी कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं के  प्रयास से आज भाजपा लोकसभा की पांचो सीटों को जीत रही है। क्योंकि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव के साथ-साथ संगठनात्मक कार्य में भी अपनी अहम भूमिका निभाता है। हम सबको मालूम है आने वाले समय में नगर निगम के चुनाव होने हैं,

हम सब लोगों को इस चुनाव में भी अपनी अहम भूमिका निभाते हुए संगठन के द्वारा सुनिश्चित किए हुए प्रत्याशियों को विजयी बनाना है। उसके लिए हमें अपने प्रत्येक वार्ड में मतदाता सूची को सुनिश्चित रूप से बीएलओ के माध्यम से संशोधित करते हुए अपने सभी कार्यकर्ताओं का मतदान सूची में नाम अंकित हो सके इसके लिए हमें कार्य करने हैं। जो आने वाले नगर निगम चुनाव में पार्टी के पक्ष में मतदान कर सकें। कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, पूर्व महानगर अध्यक्ष विनय गोयल, महानगर उपाध्यक्ष बबीता सहोत्रा, मंडल अध्यक्ष सुमित पांडे, मंडल के महामंत्री पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इनसेट – महानगर कांग्रेस कार्यालय में जमा होंगे आवेदन: गोगी

नगर निगम के चुनाव के लिए महानगर कांग्रेस की ओर से पार्षद प्रत्याशियों से आवेदन पत्र मांगे गए थे। कुछ कार्यकर्ताओं की ओर से आवेदन जमा न कर पाने के कारण आवेदन जमा करने की प्रक्रिया दो और दिनों में जारी रखने का निर्णय लिया गया है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी ने बताया कि आवेदन के लिए सभी कार्यकर्ताओ द्वारा भारी उत्साह और सहयोग का प्रदर्शन किया गया।

यह कांग्रेस कार्यकर्ताओं के ऊंचे मनोबल का द्योतक है। कुछ वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ता साथियों के आग्रह पर आवेदन प्रक्रिया दो दिन के लिए पुनः जारी रखी जाएगी।इच्छुक कार्यकर्ता अपना आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप पर महानगर कांग्रेस कार्यालय में 10 और 12 मई को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे के मध्य जमा कर सकते हैं। गोगी ने यह भी बताया कि आवेदन केवल महानगर कांग्रेस कार्यालय में ही निर्धारित तरीके से  किया जाएगा। अन्य स्थानों पर जमा आवेदन पत्रों की जिम्मेदारी महानगर कांग्रेस की नहीं होगी।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें