
लखनऊ डेस्क: मार्च का मौसम घूमने के लिए एकदम उपयुक्त होता है, क्योंकि न तो ठंड होती है और न ही ज्यादा गर्मी। इस समय आप अपने परिवार, दोस्तों या पार्टनर के साथ शांति और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के लिए यात्रा का प्लान बना सकते हैं। भीड़-भाड़ से दूर इन खूबसूरत जगहों पर आप कुछ समय शांति से बिता सकते हैं। मार्च में घूमने के लिए कुछ बेहतरीन स्थल निम्नलिखित हैं:
वेलास, महाराष्ट्र
वेलास महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले का एक छोटा और प्यारा गांव है, जो समुद्र के पश्चिमी तट पर स्थित है। इसे “फिशिंग विलेज” भी कहा जाता है क्योंकि यहां कई मछुआरे रहते हैं। मार्च के महीने में यहां वेलास कछुआ फेस्टिवल मनाया जाता है, जो पर्यटकों के लिए खास आकर्षण है। इस गांव में केळशी बीच, हरिहरेश्वर बीच और विक्टोरिया फोर्ट जैसी जगहों का भ्रमण किया जा सकता है। यह गांव मुंबई से करीब 220 किलोमीटर दूर है।
गोवा
गोवा की यात्रा का ख्वाब लगभग सभी ने देखा होता है। मार्च का महीना खास होता है, क्योंकि इस समय यहां बड़े त्योहार जैसे सिग्मो और गोवा कार्निवल मनाए जाते हैं। 2025 में शिग्मो महोत्सव 21 से 29 मार्च तक मनाया जाएगा। यह त्योहार होली के सम्मान में होता है और इसमें पारंपरिक लोक नृत्य, रंगों की होली, झांकियां, पौराणिक चित्र और मूर्तियों का प्रदर्शन होता है।
उदयपुर
झीलों के शहर उदयपुर का दौरा करने के लिए मार्च का महीना आदर्श है। इस समय यहां का मौसम ठंडा और सुखद रहता है। उदयपुर में सिटी पैलेस, सज्जनगढ़ पैलेस, जग मंदिर, पिछोला झील और जयसमंद झील जैसे आकर्षण हैं, जो पर्यटकों को लुभाते हैं। यहां आप अपने पार्टनर के साथ शांति और सुकून का अनुभव कर सकते हैं।
नैनीताल
उत्तराखंड का नैनीताल एक प्रसिद्ध हिल स्टेशन है, जहां की प्राकृतिक खूबसूरती आपका मन मोह लेगी। यह जगह परिवार और दोस्तों के साथ छुट्टियां बिताने के लिए एक बेहतरीन स्थान है। यहां नैना देवी मंदिर, हनुमान गढ़ी मंदिर, नैनी झील, टिफिन टॉप, स्नो व्यू प्वाइंट, हिमालय व्यू प्वाइंट और जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क जैसी बहुत सी खूबसूरत जगहें हैं, जो आपके भ्रमण को यादगार बना देंगी।
इन जगहों पर मार्च के महीने में यात्रा करने से आपको ना केवल शांति का अनुभव होगा, बल्कि इनकी प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक त्योहारों का भी आनंद मिलेगा।