
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि शासकीय कार्यों की व्यस्तता के बीच कर्मचारियों द्वारा खेल गतिविधियों में भाग लेना बेहद आवश्यक है। खेल न केवल जीवन में अनुशासन लाता है बल्कि तनाव को दूर करके शरीर को स्वस्थ बनाए रखता है। उन्होंने कहा कि निरोगी रहना मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी है और खेल इस दिशा में सबसे प्रभावी माध्यम है।
शनिवार को बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल, परेड ग्राउंड, देहरादून में उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा आयोजित 10वीं अन्तर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता–2025 का उद्घाटन सीएम धामी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं बैडमिंटन खेलकर कर्मचारियों और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में राज्य के 42 विभागों के कर्मचारी एवं अधिकारी भाग ले रहे हैं। सीएम ने इस प्रतियोगिता के माध्यम से कर्मचारियों और अधिकारियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद जताई।
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड हर क्षेत्र में उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। राज्य में नवाचारों, ऐतिहासिक निर्णयों और जनहितकारी नीतियों के माध्यम से विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए जा रहे हैं। हाल ही में राज्य में पहली बार राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया, जिससे खेल अवसंरचना और सुविधाओं का उल्लेखनीय विस्तार हुआ है।
सीएम ने यह भी कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को ‘खेल भूमि’ के रूप में विकसित करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिले।