
जालौन : अज्ञात कारणों से गरीब की झोपड़ी में आग लग गई जिसमें एक युवक गंभीर रूप से झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार रामपुरा थाना अंतर्गत कस्बा ऊमरी में 18/19 जनवरी की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब छेदा लाल दोहरे की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि झोपड़ी में मौजूद निर्भय उर्फ लल्ला दोहरे पुत्र छेदा लाल निवासी कस्बा ऊमरी, थाना रामपुरा, जिला जालौन उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर ऊमरी पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक भरत सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया और घायल युवक को तत्काल एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। अग्नि पीड़ित परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।घटना के बाद नगर में किसी प्रकार की अव्यवस्था या तनाव की स्थिति नहीं बनी है।
यह भी पढ़े : ‘शराब पीने के बाद बेटी और बीवी में फर्क करना भूल जाते हैं..’, फूल सिंह बरैया के बयान पर ST हसन ने दिया बयान











