
नई दिल्ली : यूथ एक्सकनेक्ट द्वारा दिल्ली नगर निगम के सहयोग से आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर स्थित दिल्ली नगर निगम मुख्यालय में एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर राष्ट्रीय युवा संसद का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में दिल्ली के विभिन्न विद्यालयों और दिल्ली विश्वविद्यालय के लगभग 240 छात्रों ने भाग लिया तथा एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर दिल्ली के महापौर सरदार राजा इक़बाल सिंह, उप महापौर जयभगवान यादव, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, नेता सदन प्रवेश वाही, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, दिल्ली प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा, दिल्ली प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, कार्यक्रम संयोजक व पार्षद शशि यादव तथा दिल्ली नगर निगम के आयुक्त अश्विनी कुमार उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में महापौर सरदार राजा इक़बाल सिंह ने कहा कि आज की इस राष्ट्रीय युवा संसद में छात्रों ने एक राष्ट्र, एक चुनाव जैसे महत्वपूर्ण विषय पर अपने विचार साझा किए। यह विषय देश के भविष्य को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकता है। एक राष्ट्र, एक चुनाव का आशय है कि देश में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराए जाएं।
महापौर ने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव के कई लाभ हो सकते हैं। सबसे पहले, इससे चुनावी प्रक्रिया में सुधार और पारदर्शिता आएगी। सभी चुनाव एक साथ होने से चुनाव आयोग अपनी भूमिका को अधिक प्रभावी ढंग से निभा सकेगा। दूसरे, इससे शासन में स्थिरता और नीतियों के क्रियान्वयन में गति आएगी। तीसरे, इससे चुनावों पर होने वाले व्यय में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे आर्थिक संसाधनों की बचत होगी और चुनाव प्रक्रिया में धनबल की भूमिका भी सीमित की जा सकेगी। महापौर ने यह भी उल्लेख किया कि वर्तमान में एक चुनाव पर लगभग एक लाख करोड़ रुपये का खर्च आता है। यदि सभी चुनाव एक साथ कराए जाएं, तो इस व्यय में भारी कमी लाई जा सकती है, जिससे बची हुई राशि को नागरिक हितैषी योजनाओं में उपयोग किया जा सकता है। इसके साथ ही बार-बार आचार संहिता लागू होने से विकास कार्य प्रभावित होते हैं। एक साथ चुनाव होने से प्रशासनिक निर्णयों में तेजी आएगी।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने भी विचार साझा करते हुए कहा कि यह विषय काफ़ी बड़ा है, यदि यह हमारे देश के हित में है, तो हमारा ‘फर्स्ट प्रिंसिपल’ यही होना चाहिए कि हम इसके समर्थन में खड़े हों। आज छात्रों ने इस विषय पर अपने विचार साझा किए, जो यह दर्शाता है कि हमारी युवा पीढ़ी भी एक राष्ट्र, एक चुनाव के विषय पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव से विभिन्न चुनाव प्रक्रियाओं पर ख़र्च होने वाली राशि में कमी आएगी, जिससे भविष्य में सार्थक परिणाम देखने को मिलेंगे।
ये भी पढ़ें:
कासगंज : बकरियों को चराने गई 10 वर्षीय नाबालिग से युवक ने किया दुष्कर्म
https://bhaskardigital.com/kasganj-a-youth-raped-a-10-year-old-minor/
भगवान राम की नगरी अयोध्या : एक बार फिर हुई शर्मसार, बुजुर्ग महिला को परिजनों नें छोड़ा सड़क किनारे हुई मौत
https://bhaskardigital.com/ayodhya-the-city-of-lord-ram-shamed-once/