
यमुनानगर : यमुनानगर जिले के जगाधरी क्षेत्र में बुधवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब कारों के पुराने स्पेयर पार्ट्स के कारोबार से जुड़े एक गोदाम में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा गोदाम इसकी चपेट में आ गया। इस हादसे में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार नुकसान करीब 50 से 60 लाख रुपये के बीच आंका जा रहा है। घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। गोदाम में रखे पुराने कार इंजन, प्लास्टिक के पुर्जे और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मुख्य गेट तक पहुंचने में भी दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब पांच घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिसके बाद कूलिंग ऑपरेशन भी चलाया गया। आग और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित किया और लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील की। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।















