
लखनऊ डेस्क: दुनिया में कई अजीब और दिलचस्प स्थान हैं, जिनके बारे में जानकर आप चौंक जाएंगे। ऐसी ही एक जगह है साउथ ऑस्ट्रेलिया के रेगिस्तान में स्थित एक शहर, जो पूरी तरह से जमीन के नीचे बसा हुआ है। इस शहर का नाम कूबर पेडी है, जिसे दुनियाभर में अंडरग्राउंड सिटी के नाम से जाना जाता है। यहां की खासियत यह है कि यह शहर पूरी तरह से भूमिगत है और यहां पूल, पब, होटल जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
कूबर पेडी शहर की स्थापना करीब 100 साल पहले हुई थी। इसकी शुरुआत 1915 के आस-पास हुई, जब यहां ओपल रत्न की खोज की गई थी। ओपल एक बहुमूल्य रत्न है, जिसे आमतौर पर अंगूठी में सजाया जाता है। कूबर पेडी को “ओपल कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड” भी कहा जाता है। इस शहर में होटल, पब, बार, स्वीमिंग पूल और गोल्फ कोर्स तक भूमिगत बने हुए हैं।
इस शहर को ‘पेडी मॉडर्न पाताललोक’ भी कहा जाता है। यहां कई फिल्मों की शूटिंग भी हो चुकी है और दुनिया भर से लोग इस अद्भुत शहर को देखने आते हैं। कूबर पेडी में लगभग 1500 लोग भूमिगत घरों में रहते हैं। यह इलाका रेतीला और चट्टानी है, जिससे यहां का मौसम जल्दी बदलता है। रेगिस्तान में स्थित होने के कारण यहां का तापमान बहुत अधिक रहता है। गर्मी से बचने के लिए यहां के लोग ओपल खनन से बने गड्ढों में घर बनाकर रहते हैं, जहां का तापमान सामान्य से काफी कम होता है। इसके कारण यहां के निवासियों को कूलर, पंखे या एसी की जरूरत नहीं पड़ती।
कूबर पेडी में एक म्यूजियम भी है, जो यहां के अनोखे रहन-सहन और जीवनशैली को दर्शाता है। यहां एक हाइब्रिड एनर्जी पावर प्लांट भी है, जो शहर की 70% बिजली की जरूरत पूरी करता है। यह पावर प्लांट बाहरी पर्यटकों के लिए भी एक आकर्षण का केंद्र है। यहां पानी की भी बहुत अहमियत है, क्योंकि यहां बारिश काफी कम होती है, और पानी की कमी बनी रहती है। गर्मियों में यहां का तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।