
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक महिला ने अपने पति और देवर पर दहेज उत्पीड़न, शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि विवाह के दूसरे दिन से ही उसे दहेज की कमी को लेकर प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि पति ने उसे अप्राकृतिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया, बेडरूम में कैमरा लगाकर उसकी वीडियो रिकॉर्ड की, और मोबाइल चार्जर से पिटाई की। इसके अलावा, देवर पर भी छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप है।
बताते चलें कि स्वरूप नगर निवासिनी महिला के अनुसार उनका विवाह रावतपुर विनायकपुर निवासी प्रापर्टी कारोबारी से 14 फरवरी 2014 को नैनीताल के मंदिर में सम्पन्न हुआ था। उनके अनुसार शादी के समय परिजनों ने अपनी आर्थिक स्थित के अनुसार दहेज दिया था। आरोप है, कि शादी के दूसरे दिन से पति और देवर दहेज कम लाने का ताना देकर प्रताड़ित करने लगे। जब तक 10 लाख रुपये नहीं दे देते तो चैन से नहीं बैठने देंगे।
महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति नियमित रूप से शराब पीकर मारपीट करता था और अप्राकृतिक संबंध बनाता था। उसने यह भी कहा कि लोक लाज और गृहस्थी को बचाने के लिए वह सब कुछ सहती रही। महिला का यह भी आरोप है कि उसका पति उसे एक भी रुपया खर्च के लिए नहीं देता था। इसके अलावा, महिला ने बताया कि उसने अपने आभूषण गोल्ड़ लोन में रखकर 14 लाख रुपये लिए, जो दोनों ने अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। महिला ने यह गंभीर आरोप भी लगाया कि पति ने बेडरूम में छिपकर एक कैमरा लगाया था।
महिला ने स्थानीय पुलिस पर आरोप लगाया कि उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसके बाद उसने पुलिस कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाई। स्वरूप नगर पुलिस इंस्पेक्टर सूर्यबली पांडेय के अनुसार, पुलिस कमिश्नर के आदेश पर पति और उसके भाई के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है और जांच की जा रही है।
इस मामले में कानपुर में पहले भी दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के मामले सामने आ चुके हैं। उदाहरण के लिए, दो महीने पहले महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मामला दर्ज किया गया था।











