
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेट कप्तान शाहिद अफरीदी एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह क्रिकेट नहीं, बल्कि एक पुराना वीडियो है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो साल 2012 का है, जब अफरीदी बांग्लादेश से कराची लौटे थे। एयरपोर्ट पर उनका अपने एक प्रशंसक से झगड़ा हो गया था, जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि वहां मौजूद लोगों ने अफरीदी को घेर लिया और धक्का-मुक्की तक की।
वीडियो में देखा जा सकता है कि अफरीदी ने पहले एक प्रशंसक को थप्पड़ मारा, जिसके बाद भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। बाद में अफरीदी ने इस घटना पर सफाई देते हुए बताया कि जिस व्यक्ति को उन्होंने थप्पड़ मारा, उसने उनकी बेटी अजवा को धक्का दिया था। उस समय उनकी बेटी उनके साथ थी और अफरीदी इस हरकत पर अपना आपा खो बैठे थे।
गौरतलब है कि अफरीदी की शादी उनकी चचेरी बहन नादिया से हुई है और उन्हें पांच बेटियां हैं। उनकी बड़ी बेटी अंशा की शादी 2023 में क्रिकेटर शाहीन अफरीदी से हुई थी।
हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद अफरीदी ने भारतीय सैनिकों को लेकर विवादित बयान दिया था, जिसके चलते उनका यह पुराना वीडियो फिर से चर्चा में आ गया। इसके अलावा भारत सरकार ने अफरीदी समेत कई पाकिस्तानी क्रिकेटरों और मीडिया चैनलों के सोशल मीडिया अकाउंट्स और यूट्यूब चैनल भारत में बैन कर दिए हैं। सरकार का आरोप है कि ये चैनल भारत विरोधी प्रोपेगेंडा फैला रहे थे।
यह भी पढ़ें: India-Pakistan Conflict : ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर तीनों सेना के प्रमुखों के साथ राजनाथ सिंह की बैठक शुरू