
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान आज शाम 4 बजे होने वाला है। चुनाव आयोग इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। आयोग की ओर से तारीखों की आधिकारिक घोषणा के साथ यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि चुनाव कितने चरणों में होंगे। संभावना जताई जा रही है कि इस बार मतदान दो चरणों में पूरा हो सकता है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि आगामी चुनाव 22 नवंबर से पहले संपन्न कर लिया जाएगा, क्योंकि बिहार विधानसभा का 243 सदस्यीय कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
‘पीटीआई’ की रिपोर्ट के मुताबिक राजनीतिक दलों ने निर्वाचन आयोग से आग्रह किया है कि चुनाव अक्टूबर के अंत में, छठ पर्व के ठीक बाद कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक मतदाता मतदान में शामिल हो सकें। त्योहार के समय बड़ी संख्या में काम करने वाले लोग अपने घर लौटते हैं, जिससे मतदान दर बढ़ सकती है।
चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस दिल्ली में
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार दिल्ली से प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। आयोग ने 4 और 5 अक्टूबर को बिहार का दौरा भी किया था। इस दौरान उन्होंने राजनीतिक दलों, अधिकारियों और पुलिस विभाग के साथ बैठक की और मतदान केंद्रों तथा कानून व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
बिहार चुनाव से पहले बदलाव
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में किसी भी मतदान केंद्र पर 1,200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे। कुल मिलाकर बिहार में लगभग 90 हजार बूथ होंगे। इससे पहले एक बूथ पर 1,500 या उससे अधिक मतदाता होने पर लंबी कतारें लग जाती थीं, लेकिन अब यह समस्या कम हो जाएगी।
पिछली बार 2020 में बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में हुए थे। पहले चरण में 28 अक्टूबर को 71 सीटों पर मतदान हुआ, दूसरे चरण में 3 नवंबर को 94 सीटों और तीसरे चरण में 7 नवंबर को 78 सीटों पर वोटिंग संपन्न हुई थी। मतगणना 10 नवंबर को हुई थी।