
जैसे ही मानसून ने देश में दस्तक दी है, मौसम सुहावना हो गया है। दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में रविवार शाम को हल्की बारिश और तेज हवाओं ने गर्मी से राहत दिलाई। वहीं, उत्तर प्रदेश के 14 जिलों के लिए मौसम विभाग ने आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें लखनऊ और कानपुर जैसे बड़े शहर शामिल हैं। जानिए देश के किन राज्यों में आज यानी सोमवार को बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तर-पूर्वी राज्यों में हालात गंभीर
नॉर्थ ईस्ट के छह राज्यों में बीते तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। अब तक बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से 26 लोगों की मौत हो चुकी है। मणिपुर की राजधानी इंफाल समेत कई शहरों में पानी भर गया है। त्रिपुरा, सिक्किम, असम समेत अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि अगले 5-7 दिनों तक नॉर्थ ईस्ट में बारिश जारी रहेगी।
गृह मंत्री अमित शाह ने सभी बाढ़ प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की है और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश का मौसम
दिल्ली में अगले दो दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। मौसम विभाग ने सोमवार को भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश और धूल भरी आंधी की संभावना जताई है। यूपी के 14 जिलों में आंधी-तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है। पश्चिमी विक्षोभ और हवाओं के कारण राज्य में मौसम का मिजाज बदला है और आज से बारिश शुरू होने के आसार हैं।
अन्य राज्यों का हाल
- बिहार: अगले 4 दिनों तक उमस भरी गर्मी के साथ-साथ बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को परेशानी हो सकती है।
- मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़: आज गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।
- राजस्थान: बीती रात तेज आंधी और हल्की बारिश दर्ज की गई। 2 जून से फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे 2-4 जून तक दोपहर में तेज आंधी, बारिश और 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफान आ सकता है।
- हरियाणा: नौतपा का असर अभी भी जारी है, लेकिन जल्द ही प्री-मानसून बारिश की शुरुआत हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
यह भी पढ़ें: नई दिल्ली पहुंचे पराग्वे के राष्ट्रपति का भव्य स्वागत, ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ से हुए सम्मानित