
भीषण गर्मी के बाद यूपी-बिहार समेत उत्तर भारत के राज्यों में गुरुवार को भारी बारिश और बिजली-आंधी का कहर देखने को मिला। यूपी में बीते 24 घंटे में 13 लोगों की मौत हो गई है। बिजली-आंधी से अयोध्या में 6, बाराबंकी में 5, अमेठी और बस्ती में 1-1 व्यक्ति की मौत हुई है। आज यूपी के 37 जिलों में बारिश का अलर्ट है।
इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में 2 और पश्चिम बंगाल में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। मौसम विभाग ने लगातार दूसरे दिन 24 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इधर, राजस्थान के 9 जिलों में आज लू और धूलभरी आंधी की चेतावनी है। बीते दिन बीकानेर और बाड़मेर में पारा 45.1 और 45 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, 24 घंटे बाद राज्य के तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन समेत प्रदेश के 20 शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया।
हिमाचल में 60-80 kmph की रफ्तार से आया तूफान हिमाचल प्रदेश में बुधवार आधी रात को आए तूफान ने भारी तबाही मचाई। 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं से कई घरों की छतें उड़ गईं। कई जगह पेड़ उखड़ गए और बिजली की लाइनें टूट गईं। इससे आधे हिमाचल में ब्लैक आउट हो गया है।
राज्य में शुक्रवार को छह जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और लाहौल-स्पीति में तूफान का ऑरेंज अलर्ट है। जबकि 19 अप्रैल काे 9 जिलों ऑरेंज अलर्ट और 20 अप्रैल काे यलो अलर्ट है। माैसम विभाग की भविष्यवाणी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। यह सेब की फसल के लिए काफी नुकसानदायक है।

हिमाचल प्रदेश में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से सड़क और बिजली प्रभावित हुई है।
सामान्य से 232% ज्यादा बारिश हुई प्रदेश में 11.3 mm बारिश हुई है जाे 3.4 mm होनी चाहिए थी। यह सामान्य से 232 प्रतिशत ज्यादा है। इससे न्यूनतम तापमान भी दाे से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। इसके अलावा मैदानी इलाकों में गेहूं की फसल खराब हो गई। सेब काे ओलों की मार से बचाने के लिए लगाए गए हेल नेट भी टूट गए।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भीषण गर्मी का दौर जारी है।
अब राज्यों के मौसम का हाल…
राजस्थान: आज भी लू की चेतावनी, स्कूलों का टाइम बदला, जानें आने वाले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम

भीषण गर्मी का सामना कर रहे लोगों के लिए आने वाले दो-तीन दिन कुछ राहत भरे हो सकते हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 19 से 21 अप्रैल तक तापमान में गिरावट की संभावना जताई है। केंद्र के अनुसार शनिवार से उत्तरी हवा का असर रहेगा। इस कारण दिन का तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। हालांकि, शुक्रवार को भीषण गर्मी का असर रहेगा।
मध्य प्रदेश: 20 शहरों में पारा 40° पार, भोपाल, इंदौर-ग्वालियर में गर्मी बढ़ी; दोपहर में घर से न निकलने की सलाह

मध्यप्रदेश में सूरज की तपिश तेज हो गई है। इससे गर्मी का असर भी बढ़ा है। गुरुवार को शाजापुर-सीहोर जिले में जहां बारिश हुई। वहीं, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन समेत प्रदेश के 20 शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। इस गर्मी के सीजन में पहली बार इतने शहर तपे हैं। कई शहरों में तो पारा 3 डिग्री या इससे ज्यादा बढ़ गया।
बिहार: 23 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, पटना-सीतामढ़ी में तेज बारिश, 50-60KM/h की रफ्तार से चलेगी हवा

बिहार के 23 जिलों में आज भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि 11 जिलों में यलो अलर्ट है। इस दौरान तेज 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेगी। आकाशीय बिजली गिरने को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी दी है।
उत्तर प्रदेश: बारिश-बिजली से 13 की मौत, अयोध्या में आंधी से ट्रॉली पलटी. योगी बोले-अफसर फील्ड में उतरे; आज 37 जिलों में अलर्ट
यूपी में बारिश कहर बनकर टूटी है। 24 घंटे में 13 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा 6 मौतें अयोध्या में हुई हैं। यहां गुरुवार शाम को इतनी तेज आंधी चली कि खड़ी एक ट्रॉली पलट गई। इसके नीचे दबकर 3 महिलाओं की मौत हो गई। इसके अलावा, बारिश से दीवार गिर गई। मलबे में दबने से 3 महिलाओं की जान चली गई।
हरियाणा: आज बदलेगा मौसम, 6 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट; नारनौल सबसे गर्म रहा

हरियाणा में शुक्रवार से मौसम बदलेगा। जिसके चलते प्रदेश के 6 जिलों में आंधी तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। हरियाणा में मौसम विभाग ने 18 अप्रैल को 3 जिले कैथल, करनाल और कुरुक्षेत्र में यलो अलर्ट और 3 जिले, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला के लिए डार्क यलो अलर्ट जारी किया है।
पंजाब: आज बारिश की संभावना, 13 जिलों में तूफान का अलर्ट, बठिंडा सबसे गर्म, औसतन तापमान गिरा

बुधवार रात को हुई बारिश के बाद तापमान में मामूली गिरावट से पंजाब के लोगों को राहत मिली है। यह राहत अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पंजाब में आज बारिश और तूफान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, शनिवार को भी राज्य में बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी है।
हिमाचल: भारी बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, 50 की स्पीड से चलेगा तूफान; 5-7 डिग्री गिरेगा तापमान, 50 घरों की छत उड़ी

हिमाचल प्रदेश में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश और ओलावृष्टि होगी। मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के 6 जिले और कल 9 जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने को कहा गया है। IMD ने आज चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, लाहौल स्पीति जिला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया।