
समाज जोड़ने का कार्य करेंगे तो रामराज्य आने से कोई ताकत रोक नहीं सकती: योगी
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या धाम में कारसेवकपुरम पहुंचे। यहां उन्होंने संतों के साथ बैठक की। चर्चा के पश्चात योगी ने संतों के साथ अल्पाहार ग्रहण किया। मुख्यमंत्री ने संतों का सम्मान भी किया। इसके बाद कारसेवकपुरम की गौशाला में गायों को गुड़, चना और केला खिलाया। कारसेवकपुरम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली मिलन कार्यक्रम को संबोधित किया।
समाज के हर तबके को जोड़ना होगा
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अक्सर ऐसा होता है कि जब कोई उपलब्धि हमारे सामने आ जाती है तो हम निश्चिंत होकर सोते हैं, तभी हमारे साथ धोखा होता है। यह समय सोने का नहीं है। उन्होंने समाज को चेताते हुए कहा कि समाज तोड़क और राष्ट्र तोड़क तत्वों से सावधान रहना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान और अब जब अयोध्या में श्री रामलला विराजमान हैं, तब हमारा दायित्व और अधिक बढ़ गया है। हमें समाज के एक-एक तबके को जोड़ना होगा।
अंतिम पायदान पर बैठे हुए व्यक्ति को भी गले लगाकर खुशी के साथ जोड़ें
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि त्योहार का उत्साह तभी सार्थक होता है, जब समाज के हर तबके को अपनी खुशी में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा, त्योहार का उत्साह तभी है, जब हम अपनी खुशी के साथ समाज के हर तबके को और अंतिम पायदान पर बैठे हुए व्यक्ति को गले लगाकर खुशी के साथ जोड़ सकें। उन्होंने बताया कि राम जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी दर्शन के उपरांत जब वे आगे बढ़े तो उन्हें अयोध्या धाम की स्वच्छता के नए मानक गढ़ने वालों के बीच पहुंचने का अवसर प्राप्त हुआ। इसके बाद वे उन लोगों की बस्ती में पहुंचे, जो जीवन भर लोगों को नदी पार करवाते हैं। उन्होंने कहा कि निषाद बस्ती में जाकर मुझे मिष्ठान वितरण का अवसर प्राप्त हुआ। भगवान श्रीराम ने भी तो यही किया था। उन्होंने निषाद राज को गले लगाया था, शबरी के जूठे बेर खाकर कृतज्ञता ज्ञापित की थी। भगवान राम का इंतजार कर रही शबरी प्रभु का दर्शन करके अभिभूत थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि आज हम समाज को जोड़ने का कार्य करेंगे तो रामराज्य को आने से कोई ताकत रोक नहीं सकती। यह आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना और रामराज्य की अवधारणा को साकार करेगा।
संत समाज से दीपावली पर आशीर्वाद देने का आग्रह
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपस्थित संत समाज से दीपावली पर विशेष आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जहां अभाव है, वहां अपने आशीर्वाद से इस कमी को पूरा करिए। दीपावली का मिष्ठान वहां तक पहुंचाने में योगदान जरूर दें। मुख्यमंत्री योगी ने पूरे प्रदेशवासियों को दीपावली की मंगलमय शुभकामनाएं दीं और कहा कि दीपावली का पर्व केवल घरों तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक इसकी रोशनी पहुंचे।
मुख्यमंत्री योगी ने श्री राम जन्मभूमि न्यास के महासचिव चंपत राय, वरिष्ठ प्रचारक पुरुषोत्तम नायक, गोपाल जी सहित सभी वरिष्ठ प्रचारकों और स्वयंसेवकों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पूज्य संतों का एक बार फिर अभिनंदन करता हूं। जय जय श्री राम।
150 सफाई कर्मचारियों और 50 नाविकों को सम्मानित किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम कथा पार्क के हेलीपैड के पास नगर निगम के 150 सफाई कर्मचारियों और 50 नाविकों को सम्मानित भी किया। इसके साथ ही उन्हें उपहार भी भेंट किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मियों और नाविकों के उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें बधाई और दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री ने श्रीरामलला की उतारी आरती, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
-मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी में किया विधिवत पूजन
श्रीराम की नगरी में दीपोत्सव संपन्न होने और नया विश्व कीर्तिमान स्थापित होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार की सुबह संकट मोचन हनुमानगढ़ी का दर्शन किया। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हुए श्रीराम भक्त हनुमान से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी मंदिर के गद्दीनशीन महंत प्रेमदास से भी मुलाकात की।
मुख्यमंत्री के आगमन पर मंदिर परिसर “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा। संतों और पुजारियों ने पारंपरिक विधि से उनका स्वागत किया। हनुमानगढ़ी से निकलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रभु श्रीरामलला के दरबार में हाजिरी लगाई, आरती उतारी और मंदिर की परिक्रमा की।
मुख्यमंत्री ने राम दरबार में भी दर्शन-पूजन कर प्रदेश की उन्नति और जनकल्याण की प्रार्थना की। दर्शन के उपरांत जब वे मंदिर परिसर से बाहर निकले तो श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया और बच्चों को आशीर्वाद दिया।
प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं
अयोध्या प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुखी व समृद्ध जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमारे जीवन में अंधकार को मिटाकर प्रकाश लाएगा।