वृंदावन : सीवर कार्य के दौरान मिट्टी की ढाह गिरने से दो लोगों की मौत

वृंदावन। परिक्रमा मार्ग श्याम कुटी के समीप सीवर लाइन डालने के दौरान मिट्टी की ढाह खिसकने से एक मजदूर सहित दो लोगों की मिट्टी में दबने के कारण दर्दनाक मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। यह घटना शुक्रवार की रात्रि करीब 11:30 बजे की बताई जाती है। मलबे के नीचे दबे दोनों मजदूरों को तत्काल सो सैया अस्पताल ले जाया गया। जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया।

इस घटना से मजदूरों के परिवार में कोहराम मच गया है। दोनों मजदूरों को उपचार के लिए आगरा भी ले जाया गया था। नौरंगी लाल पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी फिरोजाबाद मजदूर का शव पोस्टमार्टम के लिए मथुरा ले जाया जा रहा है, जबकि मृतक विजय जो ठेकेदार का भाई था। उसका शव परिजन फिरोजाबाद ले गये। नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के अन्तर्गत वार्ड सं.-34 में श्यामकुटी के पास से होकर गौरानगर को जाने वाली गली में सीवर लाईन विस्तार कार्य के समय कृष्णा मशीनरी ट्रेडर्स, फिरोजाबाद के दो मजदूरों की मिट्टी ढह जाने के कारण दबने से मौत हो गई। जिसमें एक मजदूर व दूसरा ठेकेदार का भाई है।

बताया जाता है, घटना होने के दौरान मौके पर कोई भी सुरक्षा उपकरण मौजूद नहीं थे। इसके अलावा विभाग के इंजीनियर भी अपने-अपने घरों में चैन की नींद सोए हुए थे। बताया जाता है, कि जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता का ठेकेदार पर जल्द से जल्द काम करने का भारी दबाव था। चिकित्सकों के अनुसार दोनों मजदूरों के नाक़ मुंह में मिट्टी भर जाने से उनकी मृत्यु हुई है। मृतक मजदूर के परिजनों ने ठेकेदार के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें