
उरई जालौन। कोतवाली क्षेत्र में तैनात कांस्टेबल शिवम् कुमार ने मानवता की एक नई मिसाल पेश की है। उन्होंने एक घायल कौवे का न केवल उपचार करवाया, बल्कि उसे भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कांस्टेबल के सराहनीय कार्य को दिखाया गया है।
कांस्टेबल शिवम् कुमार ने बताया कि वह कार्यालय में बैठे हुए थे, तभी उन्होंने देखा कि कुछ पक्षी आपस में लड़ रहे थे। इस झगड़े के कारण एक पक्षी गंभीर रूप से घायल हो गया और उड़ने में भी असमर्थ हो गया। शिवम् ने तुरंत घायल कौवे को अपने हाथों में उठाया और उसे नजदीकी पशु अस्पताल ले गए। वहाँ पर पशु चिकित्सक द्वारा उसका उपचार किया गया।
इसके बाद शिवम् कुमार ने वन विभाग कार्यालय पहुंचकर वन अधिकारी को घायल पक्षी सौंपा। उन्होंने वन अधिकारी को बताया कि कौवा घायल हो गया था और चलने में असमर्थ था। वन अधिकारी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कौवे को अपने कार्यालय में रखा, जहाँ उसका उपचार जारी है।