
विकासनगर। सामाजिक सरोकारों को समर्पित लोक पंचायत की हरिधाम से हनोल धाम तक कार यात्रा का शुभारंभ पर्यावरणविद पद्म भूषण डॉ. अनिल जोशी ने हरिधाम से हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक दृष्टि से यह यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण है। पर्यावरण को बचाए रखना वर्तमान समय की आवश्यकता है। बाड़वाला स्थित शिव मंदिर में पौधारोपण कर हरिधाम हरिपुर से हनोल धाम तक आयोजित कार यात्रा का उद्देश्य जंगलों को आग से बचाने के लिए जनजागरण करना, बागवानी व पर्यटन को बढ़ावा देना है। साथ ही क्षेत्र में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को समाप्त करना आदि विषयों पर आधारित यह कार यात्रा संचालित की जा रही है।
जोशी ने कहा कि किसी भी समाज के लिए पर्यावरण की शुद्धता और पर्यटन की वृद्धि वर्तमान समय की आवश्यकता है। यदि पर्यावरण शुद्ध रहेगा, तभी मनुष्य जीवित रह सकता है। पर्यावरण की शुद्धता के लिए प्रत्येक व्यक्ति को व्यक्तिगत प्रयास कर जंगलों को आग से बचाना है और अधिक से अधिक पौधारोपण कर उसे जीवित रखना है।
हरिपुर खत के स्याणा दिनेश जगाती ने कहा कि जौनसार बावर की समृद्ध परंपराओं को बचाए रखने के लिए लोक पंचायत आगे जाकर कार्य कर रही है। लोक पंचायत के सदस्य चंद शर्मा ने कहा कि निस्वार्थ भाव से समाज के बीच काम करने वाले लोगों की आवश्यकता है। लोक पंचायत के कार्यकर्ता न केवल देव दर्शन की यात्रा, बल्कि स्वास्थ्य शिक्षा, जौनसार बावर के समृद्ध इतिहास व अपने क्षेत्र की अच्छाइयों को आम जनमानस तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
इस अवसर पर यात्रा संयोजक अनिल तोमर, जयपाल सिंह, केएस चौहान, भारत चौहान, गंभीर सिंह, सतपाल चौहान आदि उपस्थित थे।















