विकासनगर: लोक पंचायत जमुना तीर्थ समिति ने शहरी विकास मंत्री को सौंपा ज्ञापन

विकासनगर। जौनसार बावर प्रवास पर आए वित्त, शहरी विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कालसी स्थित अशोक शिलालेख का निरीक्षण किया। इस दौरान लोक पंचायत जमुना तीर्थ समिति एवं भाजपा के कार्यकर्ताओं ने शहरी विकास मंत्री को यमुना घाट में निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए ज्ञापन सौंपा। 

लोक पंचायत जमुना तीर्थ समिति द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि हरिपुर स्थित यमुना के घाटों के निर्माण का मुख्यमंत्री द्वारा 9 माह पूर्व शिलान्यास किया गया था, परंतु अब तक निर्माण कार्य के नाम पर एक भी पत्थर नहीं रखा गया है। सरकार का मानना है कि जिन कार्यों का शिलान्यास होता है, उन कार्यों का निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत लोकार्पण भी होता है, परंतु हरिपुर स्थित यमुना घाटों का कार्य 9 महीने के बाद भी प्रारंभ नहीं किया गया।

इस मौके पर शहरी विकास मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने लोक पंचायत के जमुना तीर्थ समिति को आश्वस्त करते हुए कहा कि शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इससे भविष्य में गंगोत्री, यमुनोत्री जाने वाले तीर्थयात्रियों को मां जमुना में स्नान व आचामन करने में सुविधा होगी।

अग्रवाल ने कहा कि जौनसार बावर अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान के कारण प्रदेश और देश में विशेष स्थान रखता है। यहां के मंदिरों का नवनिर्माण निश्चित रूप से पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। हरिपुर स्थित यमुना घाट निर्माण सरकार की प्राथमिकता में है। इस कार्य को न केवल घाट तक सीमित रखेंगे, बल्कि हरिपुर, कालसी को नए स्वरूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। भारत के नवीन संसद भवन में लगे अखंड भारत के मानचित्र में भी कालसी को प्रमुखता से दर्शाया गया है। इसलिए सरकार कालसी और हरिपुर के विकास के लिए प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि सरकार निरंतर जन समस्याओं का समाधान कर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रही है। हरिपुर में यमुना के घाट निर्माण से यहां के लोगों को आध्यात्मिक एवं पर्यटन के रूप से एक बड़ा स्थान प्राप्त होगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार भी उपलब्ध होंगे।

इस अवसर पर कालसी के ब्लॉक प्रमुख मठोर सिंह, कनिष्ठ प्रमुख रितेश असवाल, मंडल अध्यक्ष दिनेश तोमर, विधानसभा के पूर्व सूचना अधिकारी भारत चौहान, लोक पंचायत के सदस्य प्रीतम सिंह, वीरेंद्र चौहान आदि उपस्थित थे। 

अग्रवाल ने शादी की वर्षगांठ पर किया पौधारोपण

मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपनी शादी की सालगिरह भी जौनसार बावर भ्रमण के दौरान मनाई। उन्होंने कहा कि वह अपनी शादी के सालगिरह के मौके पर प्रत्येक वर्ष जौनसार बावर में ही आते हैं। उन्होंने कालसी वन क्षेत्र के अंतर्गत पौधारोपण भी किया और अशोक शिला के दर्शन कर कालसी के महत्व को भी समझा।

टैंक निर्माण की मांग को सौंपा मांग पत्र

चकराता। लाखामंडल में‌ सोमवार कैबिनेट मंत्री  प्रेमचंद अग्रवाल देवदर्शन के लिए पहुंचे। यहां पर लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। दर्शन के बाद भाजपा के उपाध्यक्ष मंडल क्वासी बचना शर्मा ने उन्हें एक मांग पत्र सौंपा।  पत्र में उन्होंने देवभूमि लाखामंडल और क्वासी बाजार में एक बड़े पानी के टैंक के निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि लाखामंडल और क्वासी बाजार के क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत बनी रहती है, जिससे आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में इंटर कॉलेज, बालिका आश्रम स्कूल, पुलिस चौकी और लाखामंडल बाजार बस्ती को पानी की आपूर्ति में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

यह समस्या कई वर्षों से बनी हुई है और इसे दूर करने के लिए एक बड़े पानी के टैंक की तत्काल आवश्यकता है। कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्यवाही करने का भरोसा दिलवाया। ज्ञापन देने वालों में युवा मोर्चा मीडिया प्रभारी भाजपा ओमप्रकाश, बाबूराम शर्मा, ताजी राम, दीवान सिंह आदि उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें