उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन : देश में लोकतंत्र की स्थिति कमजोर और संविधान को चुनौती दी जा रही

लखनऊ : उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी मंगलवार को लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के साथ प्रेसवार्ता की और समर्थन के लिए दोनों दलों का आभार जताया।

रेड्डी ने कहा कि उन्हें सभी दलों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी के सभी सांसदों ने उनका समर्थन किया है और उनकी कोशिश होगी कि उत्तर प्रदेश के साथ-साथ दूसरे राज्यों के अधिकतर सांसद भी उनके पक्ष में हों।

इस मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज भाजपा केवल अपनी विचारधारा से जुड़े लोगों को ही बड़े पदों पर बैठा रही है। ऐसे समय में विपक्ष की जिम्मेदारी है कि समावेशी विचारधारा को सामने लाए। उन्होंने अन्य दलों से भी अपील की कि वे अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर रेड्डी को समर्थन दें।

रेड्डी का स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके बाद वे सीधे कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और महात्मा गांधी व इंदिरा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।

इससे पहले, एक विशेष इंटरव्यू में बी. सुदर्शन रेड्डी ने कहा था कि देश में लोकतंत्र की स्थिति कमजोर हो रही है और संविधान को चुनौती दी जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे संविधान की रक्षा और उसे और मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका नाम विपक्षी दलों की आपसी सहमति से सामने आया। वहीं, संविधान की प्रस्तावना में ‘समाजवादी’ और ‘धर्मनिरपेक्ष’ शब्दों को लेकर चल रही बहस और गृह मंत्री अमित शाह के आरोपों पर भी उन्होंने अपना पक्ष रखा।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें