
बडकोट ( उत्तरकाशी) : यमुनोत्री धाम के कपाट भैया दूज के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। दशहरे के बाद मां यमुना के शीतकालीन प्रवास को लेकर खरसाली गांव स्थित यमुना मंदिर में आहूत बैठक में कपाट बंद करने की तिथि और मुहूर्त तय किया गया।
यमुनोत्री मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि गुरुवार, 23 अक्टूबर को धन लग्न अमृत वेला, दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर विधि-विधानपूर्वक यमुनोत्री धाम के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। इस अवसर पर विशाखा नक्षत्र, आयुष्मान योग और धनु लग्न का शुभ मुहूर्त रखा गया है।
कपाट बंद होने के बाद अगले छह माह तक मां यमुना का शीतकालीन प्रवास खरसाली गांव स्थित यमुना मंदिर में रहेगा, जहाँ भक्त मां यमुना के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। समारोह की शुरुआत सुबह होगी, जब मां यमुना के भाई सोमेश्वर महाराज शनिदेव की डोली यमुनोत्री धाम से अपनी बहन को लेने के लिए रवाना होगी।