उत्तराखंड की बेटी कविता चंद ने माउंट विंसन पर की सफल चढ़ाई, भारत का नाम किया रोशन

देहरादून : उत्तराखंड की बेटी कविता चंद ने अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट विंसन (4,892 मीटर) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर भारत का नाम रोशन किया है। मूल रूप से अल्मोड़ा की रहने वाली कविता, वर्तमान में मुंबई में रहती हैं।

माउंट विंसन पर उनकी यह चढ़ाई सेवन समिट्स” लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिसके तहत दुनिया के सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों को फतह किया जाता है। इससे पहले कविता ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर भी सफलतापूर्वक चढ़ाई की है, जिससे यह चुनौती पूरी करने में उनका आत्मविश्वास और अनुभव मजबूत हुआ।

माउंट विंसन को दुनिया की सबसे कठिन और चुनौतीपूर्ण चोटियों में गिना जाता है। यहां अत्यधिक ठंड, पूर्ण एकांत और अंटार्कटिका के अप्रत्याशित मौसम जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।

कविता का यह अभियान तीन दिसंबर को भारत से शुरू हुआ। वह चार दिसंबर की शाम चिली के पुंटा एरेनास पहुंचीं और सात दिसंबर को दोपहर में यूनियन ग्लेशियर के लिए रवाना हुईं। उसी दिन शाम तक वह लगभग 2,100 मीटर की ऊंचाई पर स्थित विंसन बेस कैंप पहुंचीं। यूनियन ग्लेशियर से बेस कैंप तक का अंतिम सफर स्की-सुसज्जित छोटे विमान से लगभग 40 मिनट में पूरा किया गया, जो अंटार्कटिका अभियानों की जटिल लॉजिस्टिक्स को दर्शाता है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें