UP Weather : यूपी में कोहरे से मिलेगी राहत, मौसम विभाग ने कहा- 24 घंटे में बदलेगा मौसम

UP Weather : उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी और कोहरे का दौर जारी है। गुरुवार को भी प्रदेश के कई जिलों में कोहरे की वजह से जीरो विजिबिलिटी रही, जिसके चलते सड़कों पर वाहन चलाने में दिक्कतें महसूस की गईं।

हालाँकि, आज मौसम में मामूली बदलाव होने का अनुमान जताया गया है। शुक्रवार को लोगों को कोहरे से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन बर्फीली हवाओं की वजह से गलन महसूस होगी।

यूपी में इस बार सूखी ठंड पड़ रही है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में भी ठंड को बढ़ा दिया है। सुबह और शाम के समय हाड़ कंपाने वाली सर्दी महसूस हो रही है। हालांकि, दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत जरूर है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का ही अनुमान जताया है। हालांकि, प्रयागराज, कुशीनगर जैसे जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है।

यूपी में कोहरे और सर्दी का सिलसिला जारी

शुक्रवार को पश्चिमी संभाग के जिलों में कोहरे से थोड़ी राहत मिलेगी। यहाँ के अधिकतर जिले ग्रीन जोन में हैं, जहाँ कोहरे या शीत लहर की कोई चेतावनी नहीं दी गई है। जबकि पूर्वी यूपी के कई जिलों में आज भी घने कोहरे की चेतावनी है। दोपहर में धूप निकलने का अनुमान है, सूरज चढ़ने से कोहरा छंटेगा और गुनगुनी धूप राहत देगी।

मौसम विभाग के अनुसार, आज यूपी के श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, प्रयागराज, मीरजापुर, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र व आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। प्रदेश के बाकी सभी जिलें ग्रीन जोन में हैं, जहाँ न कोहरे और न ही शीत दिवस की चेतावनी दी गई है।

राजधानी लखनऊ में गुरुवार को धूप निकली, लेकिन शाम होते-होते एक बार फिर से ठंड बढ़ गई है, जिससे लोग घरों में दुबक गए। यहाँ पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नोएडा-गाजियाबाद में भी लोगों को ठंड से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है, हालांकि यहाँ आज कोहरा कम रहेगा।

चुर्क में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, गोरखपुर, वाराणसी, बरेली और सुल्तानपुर में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी और फिर 2-4 डिग्री की गिरावट का अनुमान जताया है। दो दिन बाद न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आएगी।

यह भी पढ़े : Delhi Rain : बारिश ने बढ़ाई दिल्ली में सर्दी, गलन वाली ठंड के साथ शुरू हुई सुबह

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें