UP Weather : यूपी में बदला मौसम! घने कोहरे में ढकी राजधानी, आज से तीन दिन तक कम रहेगी विजिबिलिटी

UP Weather : राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में करीब एक सप्ताह तक लगातार अच्छी धूप निकलने के बाद शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता कई इलाकों में महज 150 मीटर तक रह गई।

लगातार दूसरे दिन लखनऊ का न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा, जिसमें शुक्रवार को यह 5.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे लोग ठिठुरते नजर आए। वहीं, दिन का तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। गुरुवार को यहाँ सीजन की सबसे ठंडी रात का तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक लखनऊ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में घना कोहरा छाएगा। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। विशेषज्ञ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार से सोमवार तक घना कोहरा रहेगा, जिससे सुबह-शाम गलन बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि अभी अगले सप्ताह तक ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है, लेकिन सुबह 10 बजे के बाद कोहरे का असर कम हो जाएगा और धूप निकलने के आसार हैं।

शुक्रवार को गलन बढ़ने के कारण लोग अलाव जलाकर तापते नजर आए। हलांकि, साढ़े दस बजे के आसपास कोहरा छंटने लगा और हल्की धूप खिलने लगी, लेकिन फिर भी ठंड जस की तस बनी रही। कोहरे का असर आम जनजीवन पर भी पड़ा, खासकर सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। दृश्यता कई जिलों में 20 मीटर से भी कम हो गई थी।

सबसे ठंडी रातें हरदोई, कानपुर नगर और अयोध्या में रहीं, जहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि के साथ कोहरा और शीत दिवस की संभावना जताई जा रही है। वहीं, पश्चिमी जिलों में 22 और 23 जनवरी को छिटपुट बारिश के भी आसार हैं।

यह भी पढ़े : पटना : गर्ल्स हॉस्टल में नीट छात्रा की मौत के मामले में बड़ा खुलासा, अब यौन हिंसा की जांच करेगी SIT

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें