
अलीगढ़। प्रदेश में एक नया जिला बनने की संभावनाएं तेज हो गई हैं। अलीगढ़ के अतरौली-गंगीरी और बुलंदशहर के डिबाई क्षेत्र को मिलाकर ‘कल्याण सिंह नगर’ नाम से नया जिला बनाया जा सकता है। यह प्रस्ताव पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह के पुत्र और एटा के पूर्व सांसद राजवीर सिंह (राजू भैया) की मांग पर आगे बढ़ा है।
राजस्व परिषद के आयुक्त एवं सचिव कार्यालय ने अलीगढ़ और बुलंदशहर जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर दोनों जिलों के सीमाक्षेत्रों का पुनर्सीमन कर नया जिला बनाने की संभावनाओं पर रिपोर्ट मांगी है। संभावना है कि अतरौली इस नए जिले का मुख्यालय बनेगा, क्योंकि यह कल्याण सिंह की जन्मभूमि और कर्मभूमि दोनों रही है।
राजवीर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे पत्र में कहा कि उनके पिता ने प्रदेश के विकास के लिए जीवन समर्पित किया, लेकिन उनकी जन्मभूमि अतरौली और कार्यस्थली डिबाई क्षेत्र अब भी अपेक्षित विकास से वंचित हैं। इसलिए, उनके नाम पर नया जिला बनाकर उनके योगदान को सम्मान दिया जा सकता है।
लखनऊ से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि दोनों जिलों के डीएम पुनर्सीमन की रिपोर्ट निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार कर मंडलायुक्त के माध्यम से शासन को भेजें।
यह प्रस्ताव प्रशासनिक के साथ-साथ भावनात्मक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राममंदिर आंदोलन और उत्तर प्रदेश की राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाले कल्याण सिंह की स्मृति में यह जिला प्रदेश को एक नई पहचान दे सकता है।










