UP : ठंड के साथ कोहरे का डबल अटैक, यूपी में गिरेगा पारा, मौसम विभाग का पूर्वानुमान जारी

Lucknow : उत्तर प्रदेश में अब मौसम में ठंडक घुलने लगी है। दिन में तेज धूप का असर कम हो गया है, जबकि रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मोंथा तूफान के असर के बाद अब प्रदेश का मौसम बदल गया है। ज्यादातर इलाकों में दिन में हल्की धूप और रात में ठंडी हवाओं के साथ मौसम सुहाना महसूस हो रहा है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि सोमवार से पूर्वी यूपी और तराई क्षेत्रों में सुबह के समय धुंध और कोहरे का असर देखने को मिलेगा। आने वाले कुछ दिनों तक रात का पारा धीरे-धीरे नीचे जाएगा, हालांकि दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

गुनगुनी धूप, ठंडी रातें और बढ़ता कोहरा
राजधानी लखनऊ में मोंथा तूफान के बाद मौसम ने करवट ली है। दिन में हल्की गुनगुनी धूप के बावजूद हवा में ठंडक महसूस की जा रही है। रविवार की सुबह शहर के कई इलाकों में कोहरा छाया रहा। सुबह और शाम के समय लोगों को अब हल्के गर्म कपड़े पहनने की जरूरत महसूस हो रही है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, सोमवार को लखनऊ में सुबह कोहरा और हल्की धुंध रहेगी। अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी की हवा हुई खराब
लखनऊ में अब हवा की गुणवत्ता भी बिगड़ने लगी है। रविवार को शहर का औसत AQI 143 रहा। गोमती नगर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 241 तक पहुंच गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में है। वहीं, अलीगंज की हवा सबसे बेहतर रही, जहां AQI 87 दर्ज किया गया।

  • गोमतीनगर – 241 (बेहद खराब)
  • लालबाग – 164 (खराब)
  • तालकटोरा – 133 (खराब)
  • बीबीएयू – 124 (खराब)
  • कुकरैल – 107 (खराब)
  • अलीगंज – 87 (बेहतर)

उत्तर भारत में नए मौसमीय बदलाव के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार, 4 नवंबर (मंगलवार) से प्रदेश के मौसम में एक नया बदलाव देखने को मिल सकता है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छा सकते हैं। हालांकि बारिश की संभावना बहुत कम है, लेकिन विक्षोभ के असर से हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इस बदलाव का असर उत्तर प्रदेश में भी दो दिनों तक दिखाई देगा, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा सकता है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें