
उत्तर प्रदेश में नौ विधानसभा सीटों के उपचुनाव के परिणाम के शुरूआती रुझानों में सपा के खाते में दो सीटें ही आई। जबकि भाजपा और रालौद 7 सीटों पर आगे चल रहे हैं। हालांकि यह आंकड़ा बार-बार बदल रहा है। काउंटिंग शुरू होने के बाद सपा को मिलने वाली सीटों में कई बार बदलाव हुआ। पहले सपा को चार सीटें मीलती दिखी, फिर तीन सीटें हुई और अब सपा दो सीटों पर चल रही है।
यूपी उपचुनाव के आंकड़ों में उलटफेर अभी भी हो सकता है। लेकिन वर्तमान की स्थिति में सपा केवल करहल सीट पर भाजपा से आगे चल रही है। वहीं सात सीटों पर सपा भाजपा से काफी पीछे है।
उपचुनाव की मतगणना के बीच कांग्रेस के दफ्तरों में जहां सन्नाटा छाया हुआ है तो वहीं अखिलेश यादव अभी अपने घर में ही मौजूद हैं। जानकारी के मुताबिक अखिलेश यादव दोपहर 12 बजे तक सपा मुख्यालय पहुंच सकते हैं।
यूुपी की मुरादाबाद की कुंदरकी सीट पर सपा ने वोटों की काउंटिंग में धांधली का आरोप लगाया है। यहां सपा उम्मीदवार हाजी रिजवान ने चुनाव में बड़ी गड़बड़ी होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की साजिश के तहत पुलिस ने अल्पसंख्यकों को वोट डालने नहीं दिया था। सपा उम्मीदवार ने कहा, “धांधली तो बड़े पैमाने पर हुई है। इसमें कोई दोराय नहीं है। अब क्या तैयारी है चुनाव की, जब सब कुछ लुट गया। जब पूरी बहार लुट गई, अब तो सिर्फ फॉर्मेलिटी-फॉर्मेलिटी रह गई है। किसी भी बूथ पर चले जाइए, अगर पांच फीसदी भी लोग कह दें कि उन्होंने वोट डाला है तो हम राजनीति से संन्यास ले लेंगे। तरह से दमन किया गया है। भाजपा सरकार में माइनॉरिटी पूरी तरह अनसेफ है। चुनाव वापस करवाए जाएं, हमें यूपी पुलिस पर कोई भरोसा नहीं है।”