
लखनऊ। यूपी विधानसभा ने इतिहास रच दिया। पहली बार 24 घंटे तक विधान परिषद की कार्रवाई चल रही है। मानसून सत्र 2025-26 के तीसरे दिन विधान परिषद की रात्रिकालीन कार्यवाही में सक्रिय सहभागिता करते हुए भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों ने ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश 2047’ से जुड़े अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। विधान परिषद में चर्चा जारी है। सदस्य बारी-बारी से अपनी बात रख रहे हैं।
पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि राजनीति का स्वर्ण युग चल रहा है। मोदी कर्मयोगी हैं । उन्होंने कहा कि खेती से पशु व पशु से खेती प्रभावित होती है। खेती की आय पशुपालन से बढ़ेगी। पशु सेवा हमारा धर्म है। निराश्रित गोवंश योगी सरकार की प्राथमिकता में है। देशी गाय का दूध अमृत के समान है। सपा व भाजपा सरकार में जमीन आसमान का अंतर है। योगी सरकार गोवंश को गौशालाओं में संरक्षित करने का काम कर रही है। सपा सरकार में कसाई को देखकर गाय कांपती थी। योगी सरकार में गाय को देखकर कसाई कांपते हैं। पहले नारा था कटती गाय करे पुकार जल्दी जाय सपा सरकार। अब बैठी गैय्या करे पुकार बनी रहे योगी सरकार। सपा व भाजपा सरकार में जमीन आसमान का अंतर आया है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रगति की ओर पशुपालन विभाग बढ़ रहा है। हम नस्ल सुधार पर काम कर रहे हैं। देशी नस्ल की गाय का सीमन नि:शुल्क दे रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री डा. संजय निषाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रकृति व परमात्मा का प्रदेश है। अयोध्या,मथुरा व काशी यहीं है। उन्होंने कहा कि जब श्रीराम व निषाद राज की मैत्री थी तब भारत सोने की चिड़िया था। बाद के कालखण्ड में भारत पर आक्रान्ताओं ने आक्रमण किया। निषाद राज का किला 30 फिट नीचे दबा था। पहले सुख का राज था। हम चाहते हैं कि फिर से सुख का राज आए। यूपी सर्वोत्तम प्रदेश बने। मोदी योगी सरकार इतिहास रच रही है। मत्स्य उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है।
डा. संजय निषाद ने कहा कि हम इतिहास रचने वाले लोग हैं। 80 प्रतिशत निषाद भूमिहीन हैं। आरक्षण भीख नहीं है। आरक्षण हमारे पुरखों के खून का परिणाम है। हमारे समाज ने अंग्रेजों से संघर्ष करने का काम किया है।
भाजपा एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए चरणबद्ध ढ़ंग से योजनाएं बनायी जाएं। आत्म निर्भर व विकसित भारत बनाने के लिए आत्मनिर्भंर परिवार,समाज व आत्मनिर्भर गांव बनाना होगा। कैसे उत्तर प्रदेश विकसित बनेगा इस पर काम करना होगा।
नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद सबका साथ सबका विकास की नीति पर काम किया। भाजपा के बारे में आज धारणा बदली है। किसानों का कर्जा सरकार ने माफ किया। भाजपा सरकार अन्त्योदय की संकल्पना पर काम कर रही है।
मोहित बेनीवाल ने कहा कि योगी व मोदी सरकार में प्रदेश में युगांतकारी परिवर्तन आया है। योगी सरकार ने टेल तक पानी पहुंचाने का काम किया है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में अनेक उपलब्धियां हैं। मोदी सरकार ने आत्म निर्भर भारत की संकल्पना को साकार किया है। मोदी सरकार ने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने का काम किया है। विकसित उत्तर प्रदेश बनाने के लिए किसानों की आय को दोगुना करने का काम हुआ। यूपी में सड़कों का जाल बना है।
मोहित बेनीवाल ने कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए भविष्य की चुनौतियों की चिंता करनी होगी। नशीले पदार्थों की तस्करी रोकनी होगी। पर्यावरण की रक्षा व जलवायु परिवर्तन के बारे में सोचना होगा। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना होगा। सबसे प्रमुख बात है कि छल व प्रलोभन से मतांतरण हो रहा है। आने वाली पीढ़ी को अगर सुरक्षित रखना है तो इस पर कड़ा कानून बनाने की आवश्यकता है।
रामतीर्थ सिंघल ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए अभी से तैयारी करनी होगी। विकसित भारत बनाने के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना होगा। बढ़ती जनसंख्या को रोकने के लिए भी योजना बनानी होगी। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था। यूपी के चेहरे पर प्रश्न चिन्ह लगा था। अब हर प्रश्न का उत्तर देने में यूपी सक्षम है। चुनौतियों को चुनौती देने वाला नेतृत्व आज हमारे पास है। डबल इंजन की सरकार प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम कर रही है।
यह भी पढ़े : झाँसी में हत्याकांड : कुएं से दो बोरियों में मिला महिला का अधूरा शव, हाथ-पैर और सिर गायब