कुलदीप सेंगर को जमानत दिए जाने से नाराज उन्नाव रेप पीड़िता घरने पर बैठी, दिल्ली पुलिस ने हटाया

Unnao Rape Case : दिल्ली हाई कोर्ट से उन्नाव रेप केस के दोषी कुलदीप सेंगर को जमानत और सजा निलंबन मिलने के बाद देश की राजधानी में न्याय व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। इस फैसले के खिलाफ इंडिया गेट पर पीड़िता, उनकी मां और महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया, जहां भारी संख्या में लोग जमा हुए।

उन्नाव रेप केस में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाई कोर्ट से जमानत मिल गई है और उनकी सजा पर रोक लगा दी गई है। इस निर्णय के बाद दिल्ली में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। पीड़िता, उसकी मां और महिला अधिकार कार्यकर्ताओं ने न्याय व्यवस्था पर तीखे सवाल उठाए।

प्रदर्शन के दौरान इंडिया गेट के पास भारी भीड़ जुटी, जिसमें पीड़िता, उसकी मां और महिला अधिकार कार्यकर्ता योगिता भयाना भी शामिल थीं। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने इन सभी को प्रदर्शन स्थल से हटाया।

योगिता भयाना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस फैसले पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “वाह रे देश का कानून, यही देश का न्याय है। कैसे बचाएंगे देश की बच्चियों को, कैसे मिलेगा न्याय! ये बच्ची उन्नाव गैंगरेप की पीड़िता है, उसके पिता की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई, उसकी बुआ और वकील की मौत भी हो गई। 100 से ज्यादा टाके पड़े, कई हड्डियां टूटीं, वेंटीलेटर पर रही, 6 महीने इलाज के बाद जान बची। और अब… यह कैसा न्याय है? पीड़िता न्याय के लिए रो रही है- कह रही है कि आत्महत्या के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।”

पीड़िता की मां ने भी कोर्ट के फैसले को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आरोपी घर पर रहे या 500 किलोमीटर दूर, इससे फर्क नहीं पड़ता, फर्क इस बात का है कि उसने क्या अपराध किया है और उसे सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को अपील का अधिकार है, लेकिन अदालत को पीड़ित और उसकी परिस्थिति को ध्यान में रखकर निष्पक्ष फैसला करना चाहिए। उनका कहना है कि ऐसे गंभीर मामले में आरोपी को बेल नहीं मिलनी चाहिए।

इस बयान से पता चलता है कि पीड़ित परिवार अभी भी न्याय की उम्मीद लगाए हुए है, लेकिन कोर्ट का हालिया फैसला उनके विश्वास को गहरा धक्का पहुंचाने वाला है।

यह भी पढ़े : इसरो का बाहुबली ‘ब्लूबर्ड ब्लॉक-2’ लॉन्च, देश के लिए एतिहासिक क्षण!

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें