
मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे के साथ आने पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि दोनों भाईयो के साथ आने से खुशी हुई है, लेकिन इसका बीएमसी चुनाव पर कोई असर नहीं होगा। फडणवीस ने कहा कि दोनों पार्टियां चुनाव में टिके रहने के लिए संघर्ष कर रही हैं।देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को मुंबई में मीडिया से बातचीत में कहा कि दोनों पार्टियों ने बार-बार अपनी भूमिकाएं बदली हैं और लोगों का भरोसा खोया है। तुष्टीकरण की नीति अपनाई है और अपना वोट बैंक खो दिया है।
ये अपने अस्तित्व को बचाने के लिए एक साथ आए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के विकास एजेंडे को लोग पसंद करते है, इसलिए इन लोगों के साथ आने का कोई असर चुनाव पर नहीं होगा। मुंबईकर बीेएमसी चुनाव में विकास को ही चुनेंगे।फडणवीस ने यह भी कहा कि अगर इस चुनाव में चार और लोगों को भी साथ ले लिया जाए, तो भी कुछ नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि इनके साथी इन्हें छोड़कर चले गए, इस पर उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे को आत्मचिंतन करना चाहिए, लेकिन इन लोगों ने कभी इसपर नहीं सोचा। दूसरों पर इनकी पार्टी तोड़ने का आरोप लगा रहे हैं।










