
Landslide in Reasi : जम्मू के रियासी जिले में एक खतरनाक हादसा हुआ है। बडोरा क्षेत्र में शिव गुफा के पास भूस्खलन की घटना हुई, जिसमें दो लोगों की जान चली गई।
मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्रि को, माहौर के बडोरा में शिव गुफा के पास भू-स्खलन की घटना घटी। इस घटना में दो व्यक्तियों की दर्दनाक मृत्यु हो गई। ये दोनों रातभर शिव गुफा बड़ोरा के पास लगाए गए टेंट में सो रहे थे।
इसी दौरान, पहाड़ से गिरा मलबा उनके ऊपर आ गिरा। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रशपाल सिंह (26 वर्ष), पुत्र सोबा राम, निवासी तुली कालावन, तहसील चसाना, रियासी और रवि कुमार (23 वर्ष), पुत्र पुरुषोत्तम कुमार, निवासी चनैनी, जिला उधमपुर के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, ये लोग आज होने वाले कार्यक्रम के लिए तैयारी कर रहे थे और रात को अपने टेंट में सो रहे थे। रशपाल सिंह को जेसीबी ऑपरेटर माना जा रहा है। घटना की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जांच जारी है।