
नई दिल्ली। क्राइम ब्रांच की टीम ने दो नाबालिग लड़कियों को खोजकर परिवार से मिलवाया है। दोनों बीते दिनों अपने घर से लापता हो गई थीं। दोनों लड़कियों की उम्र 13 वर्ष है और वे खानपुर व नेब सराय की रहने वाली हैं।
क्राइम ब्रांच के डीसीपी आदित्य गौतम ने रविवार को बताया कि इस संबंध में 10 जून थाना नेब सराय में बच्चियों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। मामले को गंभीरता से लेेते हुए बच्चियों की तलाश शुरू की। 12 जून को महिला कांस्टेबल रेनू को एक अहम सुराग मिला। जिसके आधार पर टीम ने दिल्ली के मदनगीर इलाके में अभियान चलाया। टीम की मुस्तैदी के चलते दोनों बच्चियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि वे फिल्मी दुनिया की चकाचौंध से प्रेरित होकर मुंबई जाने की योजना बना रही थीं। ताकि वे अभिनय के क्षेत्र में अपना करियर बना सकें। क्राइम ब्रांच ने दोनों बच्चियों को स्थानीय पुलिस को सौंप दिया है। जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।