Trump : यूरोपीय संघ पर ट्रंप का सीधा हमला, कहा – ‘यूरोप बहुत ही गलत दिशा में जा रहा है’

Donald Trump : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय संघ की नीतियों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यूरोप तेज़ी से गलत दिशा में जा रहा है और उसे अपने मूल स्वरूप को बचाने के लिए सतर्क रहने की आवश्यकता है।

व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा, “यूरोप को बहुत सावधान रहना होगा। वे कई गलत फैसले ले रहे हैं। हम यूरोप को यूरोप ही बने रहना चाहते हैं। वहाँ हो रहे बदलाव यूरोप के लोगों के लिए बेहद खराब हैं।”

यह बयान ऐसे समय में आया है, जब अमेरिका की नई राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति रिपोर्ट में भी यूरोपीय संघ की आलोचना की गई है और बड़े पैमाने पर हो रहे पलायन को सभ्यता के लिए ख़तरा बताया गया है।

ट्रंप ने हाल ही में एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर 14 करोड़ डॉलर का जुर्माना लगाने पर भी यूरोपीय संघ पर नाराजगी जताई थी।

ट्रंप की यह टिप्पणी यूक्रेन मुद्दे पर अमेरिका-यूरोप के मतभेदों को भी उजागर करती है। रिपोर्ट्स के अनुसार यूरोपीय देश चिंतित हैं कि अमेरिका यूक्रेन पर रूस के पक्ष में दबाव बना सकता है, इसी वजह से यूक्रेनी राष्ट्रपति यूरोपीय नेताओं से अलग मुलाकातें कर रहे हैं।

गौरतलब है कि ट्रंप के करीबी सहयोगी रहे एलन मस्क भी यूरोप की प्रवासन नीति की कई बार आलोचना कर चुके हैं और इसे सांस्कृतिक बदलाव का कारण बताया है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें