
प्रयागराज में लगने वाले माघ मेले में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। लखनऊ परिक्षेत्र से कुल 500 बसें चलाई जाएंगी, जिनमें 50 बसें रिजर्व में रहेंगी। इसके अलावा, अमृत स्नान पर्वों के दौरान 100 अतिरिक्त बसें भी चलेंगी।
लखनऊ के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि मेले में बेलाकछार और झूंसी-पटेलनगर में दो अस्थायी बस स्टेशन बनाए गए हैं। बेलाकछार अस्थायी बस अड्डे के लिए रायबरेली डिपो से 110, चारबाग से 80, अवध बस अड्डा से 50, आलमबाग टर्मिनल से 30 और बाराबंकी से 30 बसें संचालित की जाएंगी। इस तरह कुल 300 बसों का संचालन होगा, जिनमें 205 बसें निगम की और 95 बसें अनुबंधित होंगी।
वहीं, झूंसी-पटेलनगर अस्थायी बस स्टेशन के लिए कैसरबाग बस डिपो से 75 बसें चलेंगी और 25 बसें रिजर्व में रहेंगी। इसके अलावा उपनगरीय डिपो से 10 और हैदरगढ़ से 90 बसें उपलब्ध होंगी, जिनमें 65 का संचालन होगा और 25 बसें रिजर्व में रहेंगी। इस तरह कुल 200 बसें चलाई जाएंगी, जिनमें 150 निगम की और 50 अनुबंधित बसें शामिल हैं।
इन तैयारियों के साथ, श्रद्धालुओं को माघ मेले के दौरान बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें बसों के इंतजार में ज्यादा समय नहीं लगने का भरोसा दिया गया है।











