
हरियाणा में ट्रेन डिरेल : कालका रेलवे स्टेशन पर सुबह लगभग पौने 5 बजे एक हादसा हुआ, जिसमें एक ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना उस समय हुई जब ट्रेन को वॉशिंग के लिए यार्ड में ले जाया जा रहा था। घटना के दौरान दो डिब्बे के पहिए ट्रैक से उतरकर जमीन पर आ गए, जिससे रेलवे यातायात बाधित हो गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात को ट्रेन नंबर 14331 कालका रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी। सुबह इसे वॉशिंग के लिए पीछे ले जाया जा रहा था, तभी अचानक यह हादसा हुआ। घटना के कारण कालका से दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस समय पर नहीं चल पाई। इस वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शताब्दी ट्रेन सुबह 6:15 बजे निर्धारित थी, लेकिन दुर्घटना के कारण यह 8 बजे तक स्टेशन पर ही खड़ी रही।
मौके पर जीआरपी और आरपीएफ के जवान पहुंच गए हैं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हादसे के पीछे संभवत: तकनीकी कारण हो सकते हैं। इस घटना में किसी जानी नुकसान की सूचना नहीं है। रेलवे के उच्च अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। इस हादसे के कारण आज कालका से दिल्ली जाने वाली शताब्दी को रद्द कर दिया गया है।
यह भी पढ़े : लखीमपुर खीरी : अधिवक्ता को फोन पर जान से मारने की दी धमकी, FIR दर्ज