
अभिनेता वरुण धवन जल्द ही दर्शकों के सामने अपनी नई रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ लेकर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। वहीं, सान्या मल्होत्रा और रोहित सराफ भी कहानी में अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म से जुड़े पोस्टर, टीजर और गानों ने पहले ही दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया था। अब इसका धमाकेदार ट्रेलर भी रिलीज कर दिया गया है।
‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ का ट्रेलर हंसी, मस्ती और रोमांस का जबरदस्त तड़का पेश करता है। फिल्म में वरुण धवन सनी संस्कारी के किरदार में नजर आ रहे हैं, जबकि जाह्नवी कपूर तुलसी कुमारी बनी हैं। दोनों की ऑन-स्क्रीन कैमिस्ट्री को दर्शकों से खूब तारीफें मिल रही हैं। वरुण की बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग दर्शकों को लुभा रही है। वहीं, सान्या मल्होत्रा अनन्या और रोहित सराफ विक्रम के रोल में नजर आएंगे। इनकी नई जोड़ी को लेकर भी दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ का निर्देशन शशांक खेतान ने किया है, जो ‘हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया’, ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’, ‘धड़क’ और ‘अजीब दास्तां’ जैसी लोकप्रिय फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। फिल्म की कहानी भी उन्होंने ही लिखी है। वरुण धवन और जाह्नवी कपूर के साथ इसमें मनीष पॉल, अक्षय ओबेरॉय और रिया विज जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। करण जौहर द्वारा निर्मित यह रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।