
आंध्र प्रदेश। अल्लूरी सीताराम राजू (ASR) जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब चित्तूर-मरडुमल्ली गिरी मार्ग पर एक प्राइवेट ट्रैवल्स बस अनियंत्रित होकर गहरी घाटी में गिर गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि इस हादसे में 10 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। बस में कुल 37 यात्री सवार थे, जो तेलंगाना के भद्राचलम से अन्नावरम की यात्रा कर रहे थे।
ASR जिले के कलेक्टर दिनेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक 9 से 10 लोगों की मौत की सूचना मिल चुकी है। तुरंत राहत अभियान चलाते हुए घायलों को भद्राचलम क्षेत्र के अस्पतालों में पहुंचाया गया है। कलेक्टर ने कहा कि कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या में और वृद्धि हो सकती है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस चित्तूर-मरडुमल्ली गिरी मार्ग पर एक मोड़ पर चालक के नियंत्रण खोने के कारण गहरी घाटी में गिर गई। हादसे की तीव्रता इतनी थी कि कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
देर रात हुई इस दुर्घटना के बाद स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस और रेस्क्यू टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को स्ट्रेचर और रस्सियों की मदद से घाटी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन मृतकों की पहचान कर उनके परिवारों को सूचित कर रहा है। इस हादसे की खबर फैलते ही भद्राचलम और ASR जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और चिकित्सा सेवाओं को तेज करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को मिलकर राहत और बचाव कार्यों को तेजी से पूरा करने तथा घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अब तक के बचाव कार्यों, बस में सवार यात्रियों की संख्या और अस्पताल में भर्ती घायलों की स्थिति की जानकारी दी है।
यह भी पढ़े : शिमला : करंट लगने से आउटसोर्स कर्मचारी की मौत, मेंटेनेंस के दौरान हुआ हादसा















