‘ये महायुति की महाजीत है, हर शहर में परिवर्तन लाएंगे’, महानगरपालिका चुनावों में जीत पर बोले फडणवीस

मुंबई। महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली महायुति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। राज्य की 29 महानगरपालिकाओं में से 25 पर महायुति ने परचम लहराया है, जबकि मुंबई की बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में भी गठबंधन बंपर बढ़त बनाए हुए है।

चुनाव नतीजों के बाद मुंबई स्थित बीजेपी दफ्तर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस जीत को “महायुति की महाजीत” बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास एजेंडे की जीत है और आने वाले समय में राज्य के हर शहर में परिवर्तन लाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं और राज्य की जनता के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

बीएमसी चुनावों में ठाकरे ब्रदर्स को बड़ा झटका लगा है। बीजेपी-शिवसेना (शिंदे गुट) की अगुवाई वाली महायुति उनसे आगे चल रही है और गठबंधन ने बंपर बढ़त बना रखी है। वहीं, जलगांव में मतगणना के दौरान हंगामे की खबरें भी सामने आई हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनावों के ये नतीजे आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति की दिशा और दशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

बीजेपी की जीत पर जश्न

महायुति की जीत के बाद लखनऊ सहित कई शहरों में बीजेपी कार्यालयों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने इसे विकास और सुशासन की जीत बताया।

कोल्हापुर में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी

कोल्हापुर महानगरपालिका में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। कांग्रेस को 34 सीटें मिली हैं, जबकि बीजेपी के खाते में 24 सीटें आई हैं। शिवसेना (शिंदे गुट) को 14, एनसीपी (अजित पवार गुट) को 4 और जनसुराज्य शक्ति पार्टी को 1 सीट मिली है। शरद पवार गुट की एनसीपी यहां खाता भी नहीं खोल सकी।

कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका परिणाम

  • कुल सीटें: 122
  • भाजपा: 48
  • शिवसेना (शिंदे गुट): 51
  • ठाकरे गुट: 08
  • कांग्रेस: 02
  • मनसे: 04
  • एनसीपी (शरद पवार गुट): 01

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें