
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनती है, तो पुलिस विभाग में महिलाओं की भर्ती के लिए संरचनात्मक बदलाव किए जाएंगे। अखिलेश यादव रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सपा सांसद डिंपल यादव सहित पार्टी की कई महिला नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थीं।
विदेश नीति पर भारत को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए: अखिलेश
अखिलेश यादव ने ईरान-इजरायल युद्ध को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत को इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए और वहां फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस लाना चाहिए। उन्होंने कहा, “संकट की घड़ी में अगर हम मित्र देशों के साथ नहीं खड़े होते, तो यह हमारी विदेश नीति के साथ धोखा होगा। अच्छे वक्त में सभी मित्र बन जाते हैं, लेकिन असली साथ मुश्किल समय में दिखता है।”
JPNIC खरीदने की इच्छा जताई, एलडीए को भेजी चिट्ठी
अखिलेश ने लखनऊ में जेपीएनआईसी को लेकर चल रही चर्चाओं पर कहा कि अगर सरकार इस संस्थान को बेचना चाहती है तो हम इसे खरीदने को तैयार हैं। उन्होंने बताया कि इस विषय में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष को समाजवादी पार्टी की ओर से पत्र भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
भाजपा मंदिर चंदे पर नजर गड़ाए बैठी है: सपा अध्यक्ष
भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा मंदिरों से मिले चंदे पर कब्जा करने की योजनाएं बना रही है। उन्होंने कहा, “इतिहास में कभी भी इतने मंदिर नहीं तोड़े गए जितने भाजपा के शासनकाल में तोड़े गए हैं।” उन्होंने बनारस का उदाहरण देते हुए कहा कि “वहां सैकड़ों वर्षों पुरानी मंदिर और गलियों को तोड़ा गया है, जबकि विदेशों में — जैसे वेनिस — में पुरानी गलियों को संजोकर रखा गया है।”